Nahargarh Biological Park: घास काटने गई महिला पर बाघ ने किया हमला, मदद के लिए लगाती रही गुहार
नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के बाड़ में घास काट रही महिला मजदूर पर टाइगर ने किया हमला. फोटो-AI
जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बाघ के बाड़े में घास काट रही एक महिला मजदूर पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है.
Nahargarh Biological Park: जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बुधवार ( सुबह एक बड़ा हादसा हुआ. बाघ के बाड़े में घास काटने गई 42 वर्षीय महिला मजदूर पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया. मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है.
घास काटने के लिए बाड़े में गई थीं महिला मजदूर
पुलिस के मुताबिक, 42 वर्षीय सुगना देवी अन्य महिला मजदूरों के साथ नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के एक बाड़े में घास काटने गई थीं. इसी बाड़े के अंदर बाघ शिवाजी का पिंजरा भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि अचानक बाघ के पिंजरे का गेट खुल गया. बाघ बाहर निकल आया.
पिंजरा खुलते ही बाघ ने किया हमला
पिंजरे से बाहर निकलने के बाद बाघ शिवाजी ने सुगना देवी पर हमला कर दिया. बाघ के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई.
बहन ने बताया- बाघ को देखकर घास फेंककर भागी सुगना
सुगना देवी की बहन कमला ने घटना के बारे में बताया कि वहां कुल सात महिलाएं थीं. तीन महिलाएं घास काट रही थीं, जबकि चार महिलाएं कटी हुई घास को हटा रही थीं. सुगना सिर पर घास लेकर जा रही थी. तभी उसने देखा कि बाघ का पिंजरा खुला हुआ है. बाघ को देखते ही सुगना के रोंगटे खड़े हो गए. उसने डर के मारे हाथ से घास फेंकी और अपनी जान बचाने के लिए भागी.
बाड़ फांदकर बचाई जान, लेकिन सुगना नहीं बच सकीं
कमला के मुताबिक, बाघ से बचने के लिए महिलाओं ने बाड़ का सहारा लेकर बाहर निकलने की कोशिश की. उन्होंने मदद के लिए काफी चिल्लाया, लेकिन उस समय उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था. इसी दौरान बाघ ने सुगना देवी को पकड़ लिया और उनकी जान चली गई.
परिवार को मिलेगा 10 लाख रुपये का मुआवजा
घटना के बाद परिवार में नाराजगी का माहौल था. वन विभाग के एसीएफ, जितेंद्र सिंह शेखावत, ने बताया कि परिवार के साथ बातचीत के बाद अब सहमति बन गई है. वन विभाग की ओर से मृतका के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा.
जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई
एसीएफ जितेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी. जांच में जिस भी व्यक्ति की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. घटना को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
बाघ के बाड़े में मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
नाहरगढ़ जैविक उद्यान में हुई इस घटना ने वन्यजीव बाड़ों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह सवाल उठता है कि आखिर बाघ का पिंजरा कैसे खुला? और बिना उचित सुरक्षा के मजदूरों को बाड़े में काम करने की अनुमति क्यों दी गई? इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही मिलेंगे.
ये भी पढ़ें: Rajasthan ka Mausam: राजस्थान में 3 सितंबर को फिर बदलेगा मौसम, जयपुर समेत इन इलाकों में भारी बारिश अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए