Video: 10 सेकंड में सिग्नल पर खड़े लोगों के बीच मच गई चीख-पुकार, तेज रफ्तार कार ने रौंदा, CCTV फुटेज आया सामने
सड़क दुर्घटना (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई के मलाड वेस्ट में एक भीषण सड़क हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है. एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी बाइक और तीन ऑटो-रिक्शा को कुचल दिया. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और 6 लोग घायल हुए थे.
मुंबई के मलाड वेस्ट में 30 अगस्त को हुए जानलेवा सड़क हादसे का CCTV फुटेज अब सामने आया है. वीडियो में तेज रफ्तार एक कार सिग्नल पर रुकी बाइक और ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है. हादसे में बाइक पर सवार 34 वर्षीय प्रियंका सात्रा की मौत हो गई थी, जबकि उनके पति समेत 6 लोग घायल हुए थे.
10 सेकंड में बदल गया पूरा मंजर
CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि मलाड वेस्ट के SV Road जंक्शन पर ट्रैफिक सिग्नल लाल था. कई बाइक और ऑटो-रिक्शा सिग्नल पर रुके हुए थे. इसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार कार आती है और वाहनों को टक्कर मार देती है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कार ने पहले सिग्नल पर खड़ी बाइक को टक्कर मारी, जिस पर प्रियंका सात्रा अपने पति मयंक के साथ सवार थीं. इसके बाद कार तीन ऑटो-रिक्शा से भी जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ लोग हवा में उछलते हुए दिखाई दिए.
ये भी पढ़ें: बॉम्बे हाईकोर्ट की फटकार के बाद महाराष्ट्र FDA का फैसला, सिप्ला का लाइसेंस रद्द करने का आदेश वापस
हादसे में महिला की मौत, 6 लोग घायल
हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 34 वर्षीय प्रियंका सात्रा गंभीर रूप से घायल हुईं और उनकी मौत हो गई. उनके पति मयंक सात्रा भी घायल हुए. इसके अलावा तीन ऑटो-रिक्शा के ड्राइवर और एक यात्री भी घायल हुए.
Times of India के मुताबिक, हादसा 30 अगस्त की रात करीब 8 बजे मलाड वेस्ट के Mamlatdarwadi-SV Road जंक्शन पर हुआ था. प्रियंका अपने पति के साथ बाइक पर थीं और दोनों सिग्नल पर रुके हुए थे.
ये भी पढ़ें: Rain Alert: महाराष्ट्र में आज कैसा रहेगा मौसम? मुंबई में 32°C तक तापमान, जानें कहां-कहां होगी बारिश
ड्राइवर ने बताई थी ये वजह
पुलिस के मुताबिक, कार चला रहे 70 वर्षीय कृष्ण चामणकर को गिरफ्तार किया गया था. उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनसे ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दब गया, जिसके बाद कार बेकाबू हो गई. पुलिस ने मामले में लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए