MP Big Accident: मध्य प्रदेश में तालाब में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 10 श्रद्धालुओं की मौत, मातम में बदली दशहरा की खुशी
Published by : Pritish Sahay Updated At : 02 Oct 2025 10:05 PM
MP Big Accident: तालाब में लोगों की तलाश करता बचाव दल
MP Big Accident: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में बड़ा हादसा हुआ है. विजयादशमी के दिन दुर्गा मां की मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गया. हादसे में कम से कम 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. राहत और बचाव काम जारी है. घटना पंधाना थाना क्षेत्र के जमाली के पास आबना नदी में हुई है. सभी लोग ट्रैक्टर में सवार होकर आबना नदी में मूर्ति विसर्जन करने गए थे. विसर्जन कर लौटते समय ट्रैक्टर नदी में गिर गई. प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने हादसे पर शोक जाहिर किया है. साथ ही, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है.
MP Big Accident: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में विजयादशमी की खुशी मातम में बदल गई. गुरुवार को दुर्गा माता की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान तालाब में ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट गई. हादसे में कम से कम 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इंदौर के ग्रामीण रेंज के आईजी अनुराग ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब पंधाना क्षेत्र में दुर्गा देवी की मूर्तियों को विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई और उसपर श्रद्धालु भी सवार थे. उन्होंने बताया कि अब तक तालाब से 10 श्रद्धालुओं के शव निकाले जा चुके हैं. मृतकों में नाबालिग बच्चे शामिल हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है. खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने कहा “ट्रॉली पलटने से 14 लोग डूब गए, 10 शव बरामद किए गए हैं. गोताखोरों और SDRF की टीम लगातार तलाशी और बचाव अभियान चला रही है.
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे करीब 30 श्रद्धालु
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर करीब 30 श्रद्धालु दुर्गा माता की मूर्तियों को तालाब में विसर्जित करने जा रहे थे. इसी दौरान हादसा हो गया. उन्होंने कहा कि हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है. इस बीच मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ पी जुगतावत ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों को तालाब से बाहर निकाल कर खंडवा के जिला चिकित्सालय भेजा गया है. चश्मदीदों ने बताया कि इस वाहन के तालाब में गिरते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और लोग अपने स्वजनों की तलाश में बदहवास देखे गए. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और इनमें से कई लोगों ने बचाव अभियान में मदद की.
सीएम मोहन यादव ने जताया शोक, की मुआवजे की घोषणा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक जाहिर किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक जाहिर करते हुए लिखा “खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं. शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है.”
राहत और बचाव कार्य जारी
खंडवा के जामली गांव में दुर्गा विसर्जन समारोह के दौरान हुई दुर्घटना में खोज और बचाव अभियान जारी है. खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने कहा “आज जामली गांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, यहां राजगढ़ गांव के युवाओं का एक दल माता जी के विसर्जन के लिए आया था. अतिउत्साह में वे तालाब के काफी अंदर चले गए. दुर्भाग्य से ट्रॉली पलट गई और कई युवा डूब गए. कई लोगों को बचाने की कोशिश की गई लेकिन लगभग 11 लोग लापता हैं, 10 शव बरामद किए गए हैं. एक व्यक्ति की तलाश जारी है. सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद प्रदान करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










