उज्जैन के होटल में हादसा, वेस्ट चैंबर की सफाई के दौरान 4 लोगों की मौत, बचाने उतरे 2 अन्य की हालत बिगड़ी
हादसे के बाद मौके पर पुहंची पुलिस (Photo/X)
मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार (31 अक्टूबर 2026) की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. देवास रोड स्थित एक होटल के वेस्टेज चैंबर (कचरा टैंक) की सफाई के दौरान चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चैंबर के अंदर जहरीली गैस बनने या उसके रिसाव की आशंका है. चारों लोगों को बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उज्जैन-देवास रोड पर स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात करीब 10:30 बजे होटल के दाईं ओर बने वेस्टेज चैंबर की सफाई की जा रही थी. इस चैंबर में होटल की मिठाई और डेयरी उत्पाद बनाने वाली इकाई से निकलने वाला बचा हुआ खाना, मिठाई, चाशनी, घी-तेल और अन्य कचरा जमा होता है.
शुरुआत में दो लोग चैंबर की सफाई के लिए उसके अंदर उतरे थे. काफी देर तक जब वे बाहर नहीं आए तो उन्हें देखने और बचाने के लिए दो अन्य लोग भी अंदर चले गए. इस दौरान चारों लोग चैंबर में ही बेहोश होकर गिर पड़े. आशंका जताई जा रही है कि चैंबर के भीतर जमा कचरे से निकली जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया.
डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कटर से काटना पड़ा चैंबर
हादसे की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. चैंबर का दरवाजा आसानी से नहीं खुल रहा था. इसके बाद पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगाई गई. इसकी मदद से चैंबर का गेट काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की गई.
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला गया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर (CPR) देकर बचाने की कोशिश की. इसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. रेस्क्यू के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर के घायल होने की भी खबर है.
घटना के बाद पहुंची पुलिस, देखें वीडियो-
बचाने पहुंचे दो अन्य लोगों की भी बिगड़ी तबीयत
चैंबर में फंसे चार लोगों को बचाने के लिए दो अन्य लोग भी अंदर उतरे थे. इस दौरान उनकी भी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. रिपोर्ट्स के अनुसार, एक अन्य सफाईकर्मी को भी अंदर घुटन और घबराहट महसूस हुई, लेकिन वह समय रहते बाहर निकल आया.
कलेक्टर और एसपी ने क्या बताया?
उज्जैन के जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि होटल परिसर में खाने के कचरे के लिए एक टैंक बना हुआ है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पहले दो लोग सफाई के लिए उसके अंदर गए थे. इसके बाद उन्हें बचाने के लिए दो अन्य लोग भी अंदर चले गए. इस घटना में कुल चार लोगों की मौत हुई है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.
वहीं, उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, चैंबर में बचे हुए खाने और कचरे को जमा किया जाता था. आशंका है कि अंदर गैस बनने के कारण लोग बेहोश होकर गिर गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: नवंबर के पहले सप्ताह में कैसा रहेगा देश का मौसम? उत्तर भारत में ठंड बढ़ने और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार
क्या होती है वेस्टेज चैंबर में जहरीली गैस?
होटल और मिठाई बनाने वाली इकाइयों में खाद्य पदार्थों के अवशेष, गंदा पानी, तेल और अन्य जैविक कचरा जमा होता है. बंद चैंबर में इस तरह के कचरे के सड़ने से मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसें बन सकती हैं.
इनमें हाइड्रोजन सल्फाइड बेहद जहरीली होती है. अधिक मात्रा में इसके संपर्क में आने से सांस लेने में परेशानी, बेहोशी और मौत तक हो सकती है. बंद जगहों में ऑक्सीजन की कमी भी जानलेवा साबित हो सकती है. ऐसे चैंबर में बिना गैस की जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम के प्रवेश करना बेहद खतरनाक होता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए