सिमडेगा में गौवंशीय पशु के अवैध वध का खुलासा, दो गिरफ्तार, 40 किलो मांस बरामद
फोटो घटना की जानकारी देते डीएसपी मुख्यालय | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के बांसजोर में गौवंशीय पशु के अवैध वध और मांस बिक्री के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. मौके से 40 किलो मांस बरामद हुआ है.
सिमडेगा. बांसजोर ओपी क्षेत्र के रेगारबेड़ा गाढ़ा टोली में गौवंशीय पशु के अवैध वध और मांस बिक्री की सूचना पर सिमडेगा पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी की. पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया. करीब 40 किलो संदिग्ध गौवंशीय पशु का मांस, 10 किलो चमड़ा और मांस काटने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गयी.
आपके शहर में
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को सूचना मिली थी कि रेगारबेड़ा गाढ़ा टोली में उरबस लकड़ा और अन्य लोगों द्वारा गौवंशीय पशु का वध कर मांस बेचा जा रहा है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जलडेगा अंचल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में टीम बनायी गयी. टीम ने शुक्रवार सुबह करीब छह बजे गांव में छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भागने लगे. पुलिस बल ने दो लोगों को पकड़ लिया. पूछताछ में उनकी पहचान रेगारबेड़ा गाढ़ा टोली निवासी जोबा खलखो (48), पिता स्व. सोमा खलखो और सुरेश कुमार टोप्पो (62), पिता स्व. पौलुस टोप्पो के रूप में हुई.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में जलडेगा (बांसजोर ओपी) थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में गौवंशीय पशुओं की तस्करी और अवैध वध के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए