एनआईटी में गूंजा 'खेलो इंडिया' का नारा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी ने बच्चों से की चर्चा, जानें पूरी रिपोर्ट
विडियों कान्फ्रेंसिंग करते पीएम
राष्ट्रीय खेल दिवस पर NIT जमशेदपुर में 'खेलो इंडिया संवाद' का आयोजन हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित किया. उन्होंने खेल, फिटनेस और नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला.
सरायकेला: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में एक भव्य ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा विशेष रूप से सम्मिलित हुए. इस दौरान संस्थान के छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और गणमान्य लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन को लाइव सुना.
आपके शहर में
पीएम मोदी के संबोधन से युवाओं में भरा जोश, फिटनेस और नवाचार पर जोर
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को बेहद गंभीरता से सुना. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में खेल, युवा शक्ति, फिटनेस, अनुसंधान और नवाचार (Innovation) के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला. उन्होंने इस बात पर पुरजोर बल दिया कि भारत को खेल के क्षेत्र में वैश्विक महाशक्ति बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और मजबूत खेल संस्कृति का होना बेहद आवश्यक है.
खेलो इंडिया पहल युवाओं को दे रही है वैश्विक मंच : अर्जुन मुंडा
कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि 'खेलो इंडिया' जैसी दूरदर्शी पहल देश के दूर-दराज के युवाओं की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का एक बेहतरीन माध्यम है. यह योजना खिलाड़ियों को उचित संसाधन और मंच प्रदान कर रही है. संवाद सत्र के दौरान युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विमर्श हुआ. साथ ही स्पोर्ट्स साइंस और टेक्नोलॉजी के जरिए खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन में सुधार लाने की संभावनाओं पर भी सार्थक चर्चा की गयी.
तकनीकी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से बदलेगी देश की खेल तस्वीर
संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को खेल और विज्ञान के समन्वय से जोड़ना था. विशेषज्ञों ने माना कि आज के दौर में रिसर्च और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से खिलाड़ियों की क्षमताओं को कई गुना बढ़ाया जा सकता है. एनआईटी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम से युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया, जो भविष्य में देश के खेल परिदृश्य को नई ऊंचाइयां देने में मददगार साबित होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए