राजमहल: श्मशान घाट में मुखाग्नि के लिए अधिक राशि लेने का मामला, नपं कार्यालय ने पूछा स्पष्टीकरण
राजमहल श्मशानघाट | Prabhat Khabar Network
राजमहल श्मशान घाट में मुखाग्नि के लिए तय शुल्क से अधिक वसूली का मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत हरकत में आ गया है. व्यवस्थापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
प्रतिनिधि, राजमहल. राजमहल उत्तरवाहिनी गंगा तट स्थित मधुसूदन कॉलोनी श्मशान घाट में शव का अंतिम संस्कार करने आए परिजनों से मुखाग्नि देने के लिए निर्धारित राशि से अधिक मांगने का मामला सामने आया है. इसको लेकर परिजनों और नगर पंचायत कार्यालय के माध्यम से अधिकृत व्यवस्थापक के बीच नोकझोंक हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पंचायत कार्यालय हरकत में आया.

कार्यपालक पदाधिकारी ने दिए जांच के निर्देश
वायरल वीडियो के आधार पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने कार्यालय की टीम को मामले की जांच करने का निर्देश दिया. जांच के दौरान प्रथम दृष्टया संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित व्यवस्थापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय के माध्यम से व्यवस्था के लिए बोर्ड द्वारा जो नियम और शर्तें निर्धारित की गई हैं, उनका पालन करना आवश्यक है. यदि व्यवस्था संतोषजनक नहीं रहती है, तो विधि सम्मत निर्णय लिया जाएगा.
साफ-सफाई और मुखाग्नि के लिए तय है शुल्क
नगर पंचायत कार्यालय के अनुसार, श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान साफ-सफाई के लिए प्रति शव 100 रुपये और मुखाग्नि देने वाले व्यवस्थापक के लिए 400 रुपये निर्धारित किए गए हैं. इसके लिए नगर पंचायत की अधिकृत रसीद की व्यवस्था है.
चार जिलों से रोजाना पहुंचते हैं 8 से 10 शव
राजमहल गंगा घाट स्थित श्मशान घाट में संताल परगना के साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा और दुमका जिले से औसतन प्रतिदिन 8 से 10 शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है.
पेयजल, बैठने और रोशनी की व्यवस्था का मुद्दा भी उठा
विगत नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों के पेयजल, बैठने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग मजबूती से रखी थी. बोर्ड की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव भी रखा गया है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
