चेन्नई में नया नेशनल रिकॉर्ड बनाकर साहिबगंज लौटे एमानुएल किस्कू;कंधे पर उठाकर सहयोगियों ने किया स्वागत
एमानुएल किस्कू का ज़ोरदार स्वागत करते सहयोगी. | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज के एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स में नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता. परमा हांसदा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
साहिबगंज: भारतीय एथलेटिक्स संघ नई दिल्ली एवं तमिलनाडु एथलेटिक्स संघ द्वारा जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चेन्नई में 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में साहिबगंज के लाल ने इतिहास रच दिया है. खेल विभाग द्वारा सिदो कान्हु स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहेबगंज के प्रशिक्षु एवं राजस्थान इंटर विद्यालय के होनहार छात्र एमानुएल किस्कू (बालक अंडर 16 वर्ष) ने 80 मीटर हर्डल्स (बाधा दौड़) में 10.10 सेकेंड के समय के साथ एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करते हुए झारखंड के लिए स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीता है.
परमा हांसदा देश भर में 10वें स्थान पर, कोच योगेश यादव का भी बढ़ा मान
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में साहिबगंज केंद्र के एक और खिलाड़ी परमा हांसदा (बालक अंडर 16 वर्ष) ने पेंटाथलन इवेंट में हिस्सा लिया और कड़े मुकाबले के बीच देश भर में 10वां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया. इसके साथ ही झारखंड राज्य एथलेटिक्स टीम के मुख्य प्रशिक्षक रहे वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-2 कोच योगेश यादव के कुशल मार्गदर्शन की भी चारों ओर सराहना हो रही है.
कंधे पर उठाकर और माला पहनाकर खिलाड़ियों ने किया भव्य स्वागत
राष्ट्रीय मंच पर नया रिकॉर्ड बनाकर शुक्रवार को साहिबगंज पहुंचे एमानुएल किस्कू, परमा हांसदा और कोच योगेश यादव का जोरदार अभिनंदन किया गया. जिला एथलेटिक्स संघ, फिजिकल अकादमी (साहेबगंज) के पदाधिकारियों एवं आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों द्वारा साहिबगंज आगमन पर उन्हें फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया. खेल प्रेमियों और सहयोगियों ने खुशी के मारे एमानुएल को अपने कंधों पर उठा लिया और जमकर नारेबाजी की.
स्वागत समारोह में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस गौरवशाली और हर्षोल्लास के अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ के कोषाध्यक्ष निमाई चौधरी, अमन कुमार, प्रिंस कुमार, मिथुन कुमार समेत आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के सभी प्रशिक्षु और स्थानीय खेल प्रेमी मुख्य रूप से उपस्थित थे. सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
