झारखंड: 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी वंदना कटारिया, हॉकी इंडिया ने दी बधाई

उत्तराखंड के रोशनाबाद की रहने वाली वंदना कटारिया ने मौजूदा महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में जापान के खिलाफ भारत के मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की. इसके साथ ही वंदना 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई.
रांची: भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड खिलाड़ी वंदना कटारिया 300वां अंतरराष्ट्रीय कैप अर्जित करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई है. इसे लेकर वीमेंस एशियन चैंपियनशिप के चौथे दिन के मुकाबले में हॉकी इंडिया ने बधाई दी. उत्तराखंड के रोशनाबाद की रहने वाली वंदना ने मौजूदा महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में जापान के खिलाफ भारत के मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की. इसके साथ ही वंदना 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई. भारत मौजूदा महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में अब तक अजेय रहा है. उसने थाईलैंड के खिलाफ अपना पहला गेम 7-1 से जीता. अपने दूसरे मैच में मलेशिया के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की और फिर रोमांचक मुकाबले में चीन को 2-1 से हराया.
ओलंपिक खेलों में हैट्रिक बनाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी
वंदना कटारिया तब सुर्खियों में आई, जब वह जर्मनी के मोनचेंग्लादबाक में जूनियर महिला विश्व कप में भारतीय टीम के लिए शीर्ष स्कोरर रही और टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उसने टोक्यो 2020 ओलंपिक में भारत के ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वह ओलंपिक खेलों में हैट्रिक बनाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी भी है. उसे 2022 में प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है. अनुभवी फॉरवर्ड 2016 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और 2017 महिला एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य थी.
300वां कैप अर्जित करना विशेष क्षण
इस उपलब्धि पर वंदना कटारिया ने कहा कि मुझे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है. 300वां कैप अर्जित करना वास्तव में मेरे लिए एक विशेष क्षण है और इसकी याद मेरे दिमाग में लंबे समय तक रहेगी. यात्रा वास्तव में विशेष रही है और मैं बार-बार राष्ट्रीय जर्सी पहनकर धन्य महसूस करती हूं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










