नेपाल में फंसे भारतीयों पर संजय सेठ बोले- केंद्र सरकार नेपाल PM से लगातार संपर्क में, इसे बताया आपदा की बड़ी वजह
संजय सेठ की फाइल फोटो, Pic Credit- X Handle, ANI
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से मची तबाही के बीच फंसे भारतीय पर्यटकों और श्रद्धालुओं की स्थिति चिंताजनक है. केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने इस पर चिंता जताते हुए भारत सरकार के प्रयासों की जानकारी दी.
रांची : नेपाल में आई भीषण बाढ़, प्राकृतिक आपदा और वहां फंसे भारतीय पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं की स्थिति को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गहरी चिंता जताई है. रांची में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल से आ रही रिपोर्टें अत्यंत दुखद हैं, कई लोगों के हताहत होने और भारी नुकसान की खबर है. उन्होंने कई भारतीयों के फंसे होने के सवाल पर बताया कि भारत सरकार लगातार नेपाल के प्रधानमंत्री से संपर्क है और पीड़ितों के बचाव के लिए लगातार प्रयास कर रही है. केंद्र ने तुरंत कदम उठाते हुए वहां पर राहत पहुंचाई है.
आपके शहर में
ग्लोबल वार्मिंग और ग्लेशियर टूटने से बढ़ी त्रासदी
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने आपदा के कारणों पर बात करते हुए कहा कि जब इतनी बड़ी मात्रा में ग्लेशियर टूटते हैं, तो इसके तार सीधे तौर पर ग्लोबल वार्मिंग (Global Warming) के कारण उत्पन्न हो रही परिस्थितियों से जुड़ते हैं. उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में वहां लगातार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, और एक झटका आज सुबह भी आया है. इतनी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों और पर्यटकों का लापता होना भारत सरकार के लिए बेहद चिंता का विषय है.
ये भी पढ़ें: नेपाल की बाढ़ में रांची के रामप्रसाद भी लापता, परिजन परेशान
संकट के समय भारतीय सेना की तत्परता को सराहा
भारतीय सेना की सराहना करते हुए संजय सेठ ने कहा कि भारतीय सेना केवल सीमाओं पर युद्ध लड़ने तक सीमित नहीं है. जब भी देश या देशवासियों को जरूरत होती है, सेना नागरिकों की सुरक्षा और उनके जीवन-माल की रक्षा के लिए तुरंत आगे आती है. भारतीय सेना अपनी इसी सेवा भावना के लिए पूरी दुनिया में जानी जाती है." उन्होंने स्पष्ट किया कि कल जैसे ही इस त्रासदी की खबर मिली, भारत सरकार और सेना ने त्वरित कार्रवाई (Immediate Action) शुरू कर दी.
ये भी पढ़ें: JPSC घोटाला: कोचिंग संस्थान भी CBI की रडार पर, छापेमारी में मिले साक्ष्यों से खुलेंगे ‘सिंडिकेट’ के राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए