यूरोपीय संघ के रक्षा मंच पर भारत की आवाज बनेंगे संजय सेठ, 85 से अधिक देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
शुमान सुरक्षा व रक्षा मंच में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे संजय सेठ | Prabhat Khabar Network
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ यूरोपीय संघ के शुमान सुरक्षा एवं रक्षा मंच में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. 85 से अधिक देश वैश्विक सुरक्षा पर चर्चा के लिए जुटेंगे.
रांची. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ यूरोपीय संघ (ईयू) के प्रतिष्ठित शुमान सुरक्षा एवं रक्षा मंच में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे. 17 और 18 नवंबर को बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए वे रवाना हो चुके हैं. यात्रा के दौरान स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख पहुंचने पर रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर अक्षय कपूर और बर्न स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.
यूरोपीय संघ की विदेश कार्य सेवा की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में 85 से अधिक साझेदार देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. मंच पर वैश्विक सुरक्षा, रक्षा सहयोग और अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक साझेदारी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी. सम्मेलन में भारत की भागीदारी के जरिये यूरोपीय देशों के साथ रक्षा संबंधों और सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी जोर रहेगा.
भारत-ईयू रक्षा सहयोग पर होगी चर्चा
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह सम्मेलन भारत और यूरोपीय संघ के बीच रक्षा संबंधों को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने में मददगार होगा.
उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय मंच विकसित भारत के संकल्प को गति देने और वैश्विक स्तर पर भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में सहायक साबित होंगे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए