RanchiSpeaks 2026: रांची के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से जीता सबका दिल, विजेताओं को मिला सम्मान
प्रतियोगिता में शामिल बच्चे व शिक्षा पदाधिकारी : Prabhar Khabar
रांची के मध्य विद्यालय में #RanchiSpeaks प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. विद्यार्थियों ने पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाई. देखें विजेता.
रांची. विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और उनमें अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीएमपी-1, डोरंडा में RanchiSpeaks प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता सह वार्षिकोत्सव 2026 का आयोजन किया गया. जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में रांची-2 प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का ध्यान आकर्षित किया.
दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गीत से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, रांची सदर अमृता सिंह और अवर विद्यालय निरीक्षक सीमा कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं. अतिथियों का स्वागत पारंपरिक लोक संगीत और नृत्य के साथ किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गीत से हुआ.
प्राचार्य सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, रांची-2 अशोक प्रसाद सिंह ने स्वागत संबोधन में #RanchiSpeaks के उद्देश्य और उपलब्धियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इससे बच्चों को अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है.
सामाजिक मुद्दों पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
प्रतियोगिता के तहत कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से आठ समूह के चयनित विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं. पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर बच्चों ने अपने विचार रखे. मुख्य अतिथि बादल राज ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है. ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों के ज्ञान के साथ उनकी रचनात्मक सोच और प्रस्तुति कौशल का भी विकास होता है.
गीत-नृत्य से दिखी झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति
कार्यक्रम में 'झारखंड की माटी-एक सांस्कृतिक झलक' विषय पर गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गयी. इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत किया. मध्य विद्यालय बीएमपी-1, डोरंडा के सांस्कृतिक दल की प्रस्तुति को भी सराहना मिली.
ये भी पढ़ें: रांची में गरबा और डांडिया नाइट की धूम, इन जगहों पर होंगे खास आयोजन; जानें तारीख और टिकट की कीमत
प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर प्रतिभागियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के विभिन्न समूहों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया. प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ अर्द्धेत चैतन्य, ध्रुव कुमार पांडेय और रश्मि वर्मा ने किया.
कार्यक्रम के अंत में रांची-2 प्रखंड के नोडल शिक्षक निर्मल कुमार पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया. सामूहिक छायांकन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, प्रखंड स्तरीय टीम, प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए