Road Project: 10 सड़क योजनाओं पर प्रधान सचिव की नजर, जानें किन सड़कों का काम होगा तेज
बन रहे सड़क की प्रतीकात्मक तस्वीर
रांची में सड़क योजनाओं में भू-अर्जन व यूटिलिटी शिफ्टिंग बाधाओं को दूर करने हेतु प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कड़े निर्देश दिए हैं. लंबित मुआवजे के भुगतान व समय-सीमा पर जोर.
Ranchi Road Construction. निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सड़क योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के साथ तालमेल बिठाकर सड़क निर्माण की बाधाएं दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मुआवजे का वितरण रैयतों को करने और तय समय-सीमा के भीतर सभी योजनाओं को पूरा करने को कहा. प्रधान सचिव ने इंजीनियरों को निर्देश दिया कि त्योहारों को देखते हुए मुख्य सड़कों और संपर्क पथों को आने-जाने लायक बनाया जाये. खास तौर पर रांची में चल रही और नई सड़क योजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया.
भू-अर्जन और यूटिलिटी शिफ्टिंग में देरी से अटकी सड़क योजनाएं
समीक्षा के दौरान प्रधान सचिव ने पाया कि रांची जिले की ज़्यादातर सड़क परियोजनाओं में ज़मीन अधिग्रहण, उपयोगिता सेवाओं (जैसे पानी, बिजली की लाइनें) को स्थानांतरित करने और अन्य प्रक्रियाओं में देरी के कारण उम्मीद के मुताबिक प्रगति नहीं हो पा रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं के लिए ज़मीन उपलब्ध है, उनमें चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य शुरू किया जाये. साथ ही प्रशासन के साथ तालमेल बिठाकर परियोजनाओं की बाधाओं को दूर किया जाये, ताकि तय समय पर काम पूरा हो सके.
ये भी पढ़ें: हर दूसरे दिन हादसे, अब बदलेगी चुटूपालू-चरही घाटी की तस्वीर, 239 करोड़ से बनेगी सड़क
सभी जिलों के उपायुक्तों को लिखा पत्र
प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर पथ निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं की समीक्षा करने को कहा है. उन्होंने ज़िला स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर योजनाओं की प्रगति पर नज़र रखने का निर्देश दिया है.
इन सड़क परियोजनाओं की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में रांची की कई अहम सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गयी. इनमें शामिल हैं:
- खेलगांव से नामकुम आरओबी तक फोरलेन और टू-लेन सड़क.
- दुर्गा सोरेन चौक नामकुम से रामपुर रिंग रोड तक फोरलेन सड़क.
- होली डे होम कांके से एदलहातु होते हुए चिरौंदी तक सड़क.
- नामकुम आरओबी-अनगड़ा सेक्शन.
- बरियातू रोड से लेम, बड़गाईं और बोड़ेया तक सड़क.
- एनएच-23 पर कोदोजोरा मोड़ से लोहरदगा मेन रोड वाया घाघरा.
- पांडेपारा से पंडरा होते हुए कांके रोड तक सड़क.
- डीएवी पुंदाग से डीएवी हेहल तक सड़क.
- बिरसा मुंडा एयरपोर्ट (हुंडरू), हेथु, चंदाघासी, कोचांग होते हुए रिंग रोड तक सड़क.
- बहुबाजार से पटेल चौक तक सड़क.
प्रधान सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को आपसी तालमेल से काम करते हुए सड़क परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया.
ये भी पढ़ें: झारखंड के विवि-कॉलेजों में बदलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं, 51.29 करोड़ खर्च; जानें बड़े बदलाव
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
