कोल इंडिया की खदानों में 63% मौतें परिवहन हादसों से, सुरक्षा बढ़ाने के लिए बनेंगे वेब पोर्टल
कोल इंडिया खदानों में 63% मौतें परिवहन दुर्घटनाओं से होती हैं. कंपनी सुरक्षा मजबूत करने, AI और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दे रही है.
रांची: कोल इंडिया लिमिटेड (सीआइएल) की खदानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं. सेफ्टी बोर्ड की बैठक में बताया गया कि कंपनी में करीब 63 फीसदी मौतें परिवहन दुर्घटनाओं के कारण होती हैं. वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं में 32 कर्मियों की मौत हुई थी. मजदूर यूनियनों ने छोटी क्षमता वाले ठेका वाहनों में सुरक्षा उपकरणों की कमी को हादसों का प्रमुख कारण बताया. उन्होंने ऐसे वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने या जरूरी सुरक्षा उपकरणों से लैस करने की मांग की. वहीं, प्रबंधन ने खदानों में एआइ और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ सुरक्षा निगरानी के लिए दो से तीन वेब आधारित पोर्टल विकसित करने की पहल की जानकारी दी.
ठेका कर्मियों को भी प्रशिक्षण देने की मांग
ठेका कर्मचारियों को भी नियमित कर्मचारियों की तरह पर्याप्त प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग की गयी. दुर्घटना में ठेका मजदूरों की मृत्यु या गंभीर रूप से घायल होने पर उनके परिजनों को मुआवजा देने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की मांग भी उठायी गयी.
हृदयाघात और व्यावसायिक बीमारियों पर चिंता
ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की हृदयाघात से होने वाली मौतों का मामला भी उठाया गया. प्रतिनिधियों ने ऐसी मौतों की कानूनी स्थिति स्पष्ट करने और कर्मचारियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था करने की मांग की. इसके अलावा शोर के कारण सुनने की क्षमता प्रभावित होने, रीढ़ की हड्डी से संबंधित बीमारियों और अन्य व्यावसायिक स्वास्थ्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई.
बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे
- खदानों में मैनुअल ड्रिलिंग बंद कर मशीनी ड्रिलिंग को बढ़ावा देना.
- ठेका मजदूरों और डंपर चालकों के लिए अनिवार्य सुरक्षा प्रशिक्षण.
- खदानों की सीमाओं पर फेंसिंग और अनधिकृत प्रवेश पर रोक.
- सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता की नियमित जांच.
- खदानों में पर्याप्त माइनिंग, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजरों की नियुक्ति.
- वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटरों का आधुनिकीकरण.
- सुरक्षा बजट का पूरा उपयोग.
- दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग और जांच में पारदर्शिता.
पिछले साल की दुर्घटनाओं की स्थिति
- गंभीर दुर्घटनाएं-26
- कुल मौतें-32
- गंभीर रूप से घायल-29
- रिपोर्ट योग्य चोटें-15
- मामूली चोटें-03
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए