रांची में इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़: पैंट्री कार से होती थी तस्करी, 6 गिरफ्तार, थाईलैंड-नाइजीरिया से जुड़े तार
रांची से इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट गिरोह के लोग धराए, Pic Credit- AI, Only For Symbolism
रांची में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें 6 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. पैंट्री कार का इस्तेमाल तस्करी में होता था और तार थाईलैंड-नाइजीरिया से जुड़े हैं.
रांची: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने झारखंड की राजधानी रांची में अंतरराष्ट्रीय नशा कारोबार से जुड़े एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. यह शातिर गिरोह नशे की खेप मंगाने के लिए ट्रेनों की पैंट्री कार के कर्मियों का इस्तेमाल करता था. मामले का खुलासा होने के बाद एनसीबी की विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए एक युवती समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
गिरफ्तार आरोपियों में कौन-कौन शामिल?
एनसीबी के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान रजत जैन (अपर बाजार, रांची), उदित कुमार (अरगोड़ा, रांची), आकाश मल्होत्रा (गिरिडीह), स्नेहा पासवान (बोरेया, रांची), मिलन सिंह (जुगसलाई, जमशेदपुर) और ऋषभ जैन के रूप में हुई है. इनमें से चार आरोपियों को 14 अक्टूबर को, मिलन सिंह को 15 अक्टूबर को और इसके बाद ऋषभ जैन को गिरफ्तार किया गया. एनसीबी अब इन सभी को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की तैयारी कर रही है, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है. इसके अलावा भी कई अन्य मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है. पूछताछ में जांच एजेंसी को जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार सभी आरोपी अंतरराज्यीय नशा गिरोह के लिए काम करते रहे थे. इनका धंधा रांची और जमशेदपुर समेत जयपुर और दिल्ली तक फैला हुआ है.
विदेशी नंबरों से बातचीत और थाइलैंड-नाइजीरिया कनेक्शन
जांच में यह भी बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक पर विदेशी मोबाइल नंबरों से लगातार संपर्क में रहने का आरोप है. इससे यह पुख्ता संकेत मिले हैं कि इस अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क के तार थाइलैंड, नाइजीरिया, ब्रिटेन या अमेरिका जैसे देशों तक जुड़े हो सकते हैं. इस सिलसिले में रांची के मोरहाबादी और कांके रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक को पूछताछ के लिए 26 अक्टूबर को तलब किया गया है. इससे पहले दिल्ली में हुई छापेमारी के इनपुट पर रांची और जमशेदपुर में यह धर-पकड़ की गई है.
ये भी पढ़ें: मौसम बदलते ही बढ़ने लगे फ्लू के मरीज, डॉक्टरों की इस चेतावनी को न करें नजरअंदाज
भारी मात्रा में ड्रग्स और लग्जरी कार जब्त
एनसीबी की इस बड़ी कार्रवाई में तस्करों के पास से कुल 18 ग्राम कोकीन, 16.5 ग्राम एमडीएमए (MDMA), 3.5 ग्राम गांजा और एक हुंडई एक्सेंट कार (JH 01 CA 0936) बरामद की गई है. शुरुआती पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि इनका यह काला कारोबार रांची और जमशेदपुर से लेकर जयपुर और दिल्ली तक फैला हुआ था, जिसमें नाइजीरियाई कनेक्शन की भी सुगबुगाहट है.
रांची में तेजी से बढ़ा रेव पार्टियों का चलन
इस पूरे सिंडिकेट के खुलासे के साथ ही शहर में बढ़ रहे रेव पार्टियों के काले कारोबार पर भी से पर्दा उठा है. पिछले कुछ दिनों से रांची के निजी फार्म हाउसों, सुनसान इलाकों या घरों में रात के वक्त ऐसी पार्टियों का चलन बढ़ गया है, जहां तेज आवाज के संगीत के बीच सिंथेटिक ड्रग्स और कोकीन का धड़ल्ले से इस्तेमाल होता है. इवेंट मैनेजमेंट की आड़ में नशा परोसने वाले ऐसे आयोजक अब एनसीबी के रडार पर हैं.
ये भी पढ़ें: झारखंड में गोदाम निर्माण और मरम्मत पर एक्शन, दिसंबर 2026 तक इन जिलों में काम पूरा करने का सख्त आदेश
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए