HEC Crisis: एचइसी पर बंद होने का खतरा, भेल में विलय और निजी निवेश से बचने की उम्मीद
रांची का एचईसी
एचइसी का भविष्य गंभीर संकट में है. भेल में विलय, निजी निवेश और कर्ज पुनर्गठन जैसे विकल्प पर विचार किया जा रहा है. जानिए कंपनी की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाएं.
रांची. एचइसी का भविष्य गंभीर संकट में है. भारी उद्योग मंत्रालय ने आर्थिक मदद और विशेष पैकेज देने से इनकार कर दिया है. वहीं, राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में दिवालिया प्रक्रिया शुरू होने से कंपनी के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है. अब एचइसी को अपने संसाधनों से ही आर्थिक संकट से निकलने का रास्ता तलाशना होगा.
यदि कोई निवेशक नहीं मिला और पुनर्गठन की योजना सफल नहीं हुई, तो कंपनी की संपत्तियां बेचने की नौबत आ सकती है. इससे एचइसी का अस्तित्व भी समाप्त हो सकता है. एचइसी के एक अधिकारी के अनुसार, कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती उत्पादन जारी रखने, आर्थिक स्थिति सुधारने और कर्मचारियों का बकाया वेतन देने की है. इसके लिए भेल में विलय, किसी दूसरी सरकारी कंपनी को हस्तांतरण, निजी निवेश और कर्ज के पुनर्गठन जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है. भेल में विलय को कंपनी को दोबारा खड़ा करने का एक संभावित रास्ता माना जा रहा है.
छह नवंबर से शुरू हुई दिवालिया प्रक्रिया
एनसीएलटी की कोलकाता पीठ ने छह नवंबर को एचइसी के खिलाफ कॉरपोरेट दिवालिया समाधान प्रक्रिया (सीआइआरपी) शुरू करने का आदेश दिया था. एक आपूर्तिकर्ता का करीब 6.63 करोड़ रुपये बकाया नहीं चुकाने पर यह कार्रवाई हुई. न्यायाधिकरण ने अंतरिम समाधान पेशेवर (आइआरपी) नियुक्त किया है. इसके बाद एचइसी के सीएमडी और निदेशक मंडल की शक्तियां निलंबित हो गयी हैं. अब कंपनी के वित्तीय और प्रशासनिक फैसले आइआरपी की देखरेख में होंगे.
समाधान नहीं निकला, तो बिक सकती हैं कंपनी की संपत्तियां
दिवालिया प्रक्रिया के तहत आइआरपी कंपनी की जमीन, भवन, मशीनें, कर्ज, कार्यादेश और उत्पादन क्षमता का आकलन करेगा. इसके बाद निवेशकों से कंपनी को दोबारा खड़ा करने के लिए समाधान योजना मांगी जा सकती है. यदि कोई बेहतर योजना मिलती है और उसे मंजूरी मिल जाती है, तो एचइसी नये निवेश और प्रबंधन के साथ फिर से काम शुरू कर सकता है.
लेकिन तय प्रक्रिया में कोई समाधान नहीं निकला, तो एनसीएलटी कंपनी को बंद करने यानी परिसमापन का आदेश दे सकता है. ऐसी स्थिति में कंपनी की संपत्तियां बेचकर मिलने वाली राशि से कानूनी प्रावधानों के अनुसार बकाया चुकाया जायेगा.
32 महीने से वेतन का इंतजार कर रहे कर्मचारी
एचइसी के कर्मचारियों और अधिकारियों की चिंता भी बढ़ गयी है. कर्मचारियों का करीब 32 महीने और अधिकारियों का इससे भी अधिक समय का वेतन बकाया बताया जा रहा है. दिवालिया प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों को अपने बकाये का दावा निर्धारित समय में प्रस्तुत करना होगा.
हालांकि, भुगतान कितना और कब होगा, यह कंपनी के पास उपलब्ध राशि और कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगा. मंत्रालय के आर्थिक सहायता से इनकार के बाद कर्मचारियों की उम्मीदें अब निवेश और कंपनी के पुनर्गठन पर टिकी हैं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए