झारखंड : रांची में जैक 11वीं के रिजल्ट से असंतुष्ट छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने भांजी लाठियां

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Jun 2023 5:07 PM

विज्ञापन

जैक 11वीं के रिजल्ट से असंतुष्ट छात्रों ने साेमवार को जैक कार्यालय में प्रदर्शन किया. इस दौरान अध्यक्ष अनिल कुमार महतो से मिलने की मांग की गयी. समझाने के बाद भी नहीं मानने पर छात्रों को शांत करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. वहीं, कई छात्रों को हिरासत में भी लिया.

विज्ञापन

रांची, राजलक्ष्मी/ राजेश वर्मा : जैक 11वीं के रिजल्ट से असंतुष्ट छात्र सोमवार को जैक ऑफिस पहुंचे. इस दौरान जैक अध्यक्ष अनिल कुमार महतो से मिलने की मांग करते हुए अध्यक्ष के कार्यालय के बाहर बैठे, वहीं कुछ छात्र कैंपस के बाहर खड़े थे. छात्रों को जब जैक अध्यक्ष से मिलने नहीं दिया गया, तो विरोध स्वरूप सभी छात्र प्रदर्शन करने लगे. इसे रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इस दौरान कुछ छात्र-छात्राओं को हिरासत में लिया गया है. दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् का एक प्रतिनिधिमंडल जैक अध्यक्ष से मिलकर समाधान की मांग की. इस पर जैक अध्यक्ष ने जल्द ही छात्र हित में फैसला लेने की बात कही.

11वीं के परीक्षाफल में कई त्रुटि का आरोप

छात्रों का कहना था कि जैक द्वारा जारी 11वीं के परीक्षाफल में कई त्रुटि हैं. मिलें अंक से असंतुष्ट छात्र उत्तर पुस्तिका की दोबारा मूल्यांकन कराने की मांग को लेकर 16 जून को सैकड़ों छात्र जैक कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन अधिकारियों के नहीं रहने पर चार घंटे बाद सभी लौट गए थे. सोमवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन एवं अखिल विद्यार्थी परिषद के सदस्यों के साथ जैक अध्यक्ष से मिलने पहुंचे थे. सभी अध्यक्ष के कार्यालय के बाहर गैलरी में जुटे थे. छात्रों की मांग थी कि सभी विषयों का उत्तर पुस्तिका जारी की जाए, असंतुष्ट छात्रों का उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति दी जाए, दोबारा मूल्यांकन कर ग्रेस माक्र्स देकर सभी को पास किया जाए एवं रिजल्ट दोबारा प्रकाशित किया जाए. छात्रों का आरोप है कि चार घंटे बाद सिर्फ दो लोगों को अध्यक्ष से मिलने दिया गया. अध्यक्ष द्वारा 21 दिन बाद जांच कराने की बात कही.

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

जैक अध्यक्ष से मिलने से रोकने एवं जांच में देरी से छात्र उग्र हो गए एवं विरोध में नारेबाजी करने लगे. इस दौरान उपस्थित सुरक्षा गार्डों से धक्का मुक्की हुई जिसमें दरवाजा का शीशा टूट गया. शीशा टूटने पर पुलिस बल को बुलाकर लाठीचार्ज कराया गया एवं सभी को खदेड़ा गया. आरोप लगाया कि छात्राओं पर भी पुरुष पुलिस कर्मियों ने लाठीचार्ज एवं धक्का मुक्की की.

Also Read: झारखंड : 11वीं के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगा कर जैक कार्यालय पहुंचे सैकड़ों छात्र, रिचेकिंग की मांग

छात्रों को समझाकर ऑफिस परिसर से बाहर निकाला

परिक्षयमान एएसपी सह थाना प्रभारी रित्विक श्रीवास्तव ने बताया कि छात्र संगठन के बहकावे में छात्रों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की सूचना मिली थी. पुलिस ने सभी को समझाकर वहां से बाहर निकाला गया. शामिल कुछ छात्रों एवं छात्र संगठन के तीन सदस्यों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है. जैक कार्यालय द्वारा छात्र संगठन के तीन लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है. जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.

असंतुष्ट छात्रों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् का भी मिला समर्थन

दूसरी ओर, असंतुष्ट छात्रों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् का समर्थन मिला. छात्रों की समस्या के समाधान के लिए छात्र नेता सौरव बोस एवं रोहित शेखर ने जैक अध्यक्ष अनिल कुमार महतो से भेंट की. इस दौरान छात्रों की हो रही परेशानी को बताया. इस पर जैक अध्यक्ष ने जल्द समाधान की बात कही.

जैक अध्यक्ष ने समाधान की कही बात

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के छात्र नेताओं के मुताबिक, जैक अध्यक्ष ने जल्द छात्र हित के बारे में फैसला करने की बात कही. साथ ही कहा कि अगर किसी छात्र को अंक से समस्या हो, तो परीक्षा पत्र स्क्रूटनी के लिए जांच शुल्क 50 रुपये जमा करने के साथ छात्र अपनी परीक्षा पत्र की जांच करा सकते हैं.

Also Read: Photos: गांव-गांव में सरकार खोलेगी दवा दुकान, सीएम हेमंत सोरेन ने की पंचायत स्तरीय योजना की शुरुआत

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola