IIIT Ranchi: देवेंद्रनाथ महतो के पहुंचते ही छात्रों से बातचीत छोड़कर चले गये चेयरमैन एके भट्ट

Updated:
विज्ञापन

प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राएं

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

IIIT रांची में छात्र की मौत के बाद तीसरे दिन भी प्रदर्शन जारी है. छात्र संस्थान के निदेशक के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. सुरक्षा और कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं.

विज्ञापन

IIIT Ranchi Protest: ट्रिपल आइटी रांची के छात्र आदित्य कुमार (19 वर्ष) की मौत के मामले में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. खेलगांव हाउसिंग कांप्लेक्स स्थित हॉस्टल परिसर में छात्र धरने पर बैठे हैं और वे संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि जब तक निदेशक इस्तीफा नहीं देते और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

विज्ञापन

चेयरमैन बोले- छात्रों की समस्याएं मंत्रालय तक पहुंचायी

छात्रों के प्रदर्शन के बीच मंगलवार सुबह करीब 11 बजे ट्रिपल आइटी के बोर्ड ऑफ गवर्नेंस के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट छात्रों से बातचीत करने पहुंचे. उन्होंने कहा कि छात्रों की बातें और उनकी समस्याएं सुनी गयी हैं और उन्हें मंत्रालय तक पहुंचा दिया गया है. मंत्रालय की ओर से इस मामले में कदम उठाते हुए एक जांच कमेटी भी गठित की गयी है. चेयरमैन ने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी छात्र-छात्रा के साथ गलत नहीं होने दिया जायेगा. संस्थान में जो भी खामियां हैं, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि मामले की प्रगति की नियमित जानकारी ली जायेगी.

कमेटी में अलग-अलग संस्थानों के प्रोफेसरों को शामिल किया गया है. यह कमेटी छात्रों की ओर से उठाये गये सभी मुद्दों की जांच करेगी. इसके लिए कमेटी के सदस्य रांची आकर छात्रों से बातचीत करेंगे और उनकी शिकायतें सुनेंगे. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. हालांकि, छात्र जांच कमेटी गठित होने के बावजूद आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हैं. उनकी मुख्य मांग संस्थान के निदेशक का इस्तीफा है. छात्र मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं.

Image

ये भी पढ़ें- झारखंड में SIR: फॉर्म-6 के 7.97 लाख आवेदन डिजिटाइज, 31 अक्टूबर तक दावा-आपत्ति का मौका

देवेंद्रनाथ महतो ने भी किया छात्रों का समर्थन

मंगलवार दोपहर छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो छात्रों के समर्थन में पहुंचे. उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एकेडमिक प्रेशर और संस्थान की अव्यवस्था के कारण उनके एक साथी की जान गयी है. इसकी जिम्मेदारी लेते हुए निदेशक को इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब यह राष्ट्रीय स्तर का संस्थान रांची में आया था, तब लोगों को उम्मीद थी कि यहां के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. लेकिन संस्थान की अव्यवस्था के कारण छात्र-छात्राओं की परेशानियों की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं.

वहीं, देवेंद्रनाथ महतो के संबोधन के दौरान चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट वहां से उठकर चले गये. बताया गया कि उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी में छात्रों से बातचीत नहीं करने की बात कही. बाद में छात्रों ने देवेंद्रनाथ महतो को बातचीत से अलग कर दिया. हालांकि, वे कैंपस में ही मौजूद रहे. इधर, छात्र हॉस्टल परिसर में धरने पर बैठे रहे और निदेशक के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे.

Image

दूसरे दिन सड़क जाम कर छात्रों ने जताया था आक्रोश

ट्रिपल आइटी रांची के छात्र आदित्य कुमार की मौत के मामले में सोमवार को दूसरे दिन भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा था. खेलगांव हाउसिंग कांप्लेक्स स्थित हॉस्टल में रहने वाले छात्र सुबह करीब 11 बजे सड़क पर उतर आये थे और खेलगांव-टाटीसिलवे मार्ग को जाम कर दिया था. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी. सामान्य यात्री बसों के साथ स्कूली बसें भी जाम में फंस गयी थी. छात्र संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के तत्काल इस्तीफे और आदित्य की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने पर खेलगांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे.

दोपहर करीब 12 बजे बोर्ड ऑफ गवर्नेंस के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट छात्रों से बातचीत करने पहुंचे थे. करीब दो घंटे तक सड़क पर वार्ता हुई. इस दौरान चेयरमैन ने कहा था कि वे छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर हैं और मामले में उच्च अधिकारियों से बातचीत करेंगे. इसके बाद ही कोई फैसला लिया जा सकेगा. उन्होंने शाम पांच बजे दोबारा बातचीत करने का समय भी मांगा था.

Image

ये भी पढ़ें- घर बनाना होगा महंगा! पलामू में पांच बालू घाटों की ऊंची बोली से बढ़ी रॉयल्टी; सरकार को होगा फायदा

पिता ने प्रबंधन पर लगाया था लापरवाही का आरोप

बिहार के पूर्णिया जिले के रामबाग नयाटोला निवासी आदित्य के पिता विष्णुदेव कुमार राय ने बेटे की मौत के मामले में ट्रिपल आइटी रांची के निदेशक राजीव श्रीवास्तव और प्रबंधन के अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने रविवार को खेलगांव थाना में शिकायत की थी. पिता ने संस्थान प्रबंधन पर हॉस्टल में कुव्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के अभाव और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन नहीं करने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि समय पर इलाज नहीं मिलने और प्रबंधन की कथित लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान नहीं बच सकी.

वहीं, खेलगांव थाना प्रभारी निर्भर कुमार ने बताया था कि प्रारंभिक जांच में छात्र की फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात सामने आयी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय यूडी केस दर्ज किया था. थाना प्रभारी के अनुसार, जांच में किसी के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola