रामगढ़ की प्रिया तंजानिया में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन में होंगी शामिल
प्रिया प्रीति फाइल फाेटो | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ की प्रिया प्रीति तंजानिया में होने वाले वैश्विक युवा सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. युवा नेतृत्व और सामुदायिक बदलाव पर विचार साझा करेंगी.
रामगढ़. रामगढ़ प्रखंड के पारडीह गांव की प्रिया प्रीति अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. वह 16 से 19 नवंबर 2026 तक तंजानिया के टांगा शहर में आयोजित वैश्विक युवा अवसर नेटवर्क (जीओवाईएन) के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगी. सम्मेलन में विभिन्न देशों के युवा प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और वैश्विक साझेदारों के साथ उन्हें विचार और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा.
युवा नेतृत्व और सामुदायिक बदलाव पर रखेंगी विचार
प्रिया प्रीति वैश्विक युवा अवसर नेटवर्क (जीओवाईएन), रामगढ़ के युवा सलाहकार समूह की सदस्य हैं. वह जिले में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामुदायिक बदलाव की दिशा में सक्रिय हैं. युवा सलाहकार समूह के माध्यम से वह युवाओं की समस्याओं, आकांक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को सामने रखती हैं.
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रिया प्रीति रामगढ़ और झारखंड के युवाओं के जमीनी अनुभव, चुनौतियों, आकांक्षाओं और उपलब्ध अवसरों से जुड़े मुद्दों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगी. इसके साथ ही विभिन्न देशों के युवा प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर युवा नेतृत्व, सामुदायिक भागीदारी और युवाओं के विकास पर विचार साझा करेंगी.
शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर काम करता है जीओवाईएन
उल्लेखनीय है कि वैश्विक युवा अवसर नेटवर्क (जीओवाईएन) एक अंतरराष्ट्रीय पहल है. यह युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम करता है. अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रिया प्रीति की भागीदारी को रामगढ़ के लिए उपलब्धि माना जा रहा है. उनके माध्यम से जिले और झारखंड के युवाओं के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा करने का अवसर मिलेगा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए