उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ रजरप्पा में छठ संपन्न, राजाबांध में सूर्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
फोटो फाइल : 16 चितरपुर सी - छठ घाट पर अर्घ्य देते छठव्रती | Prabhat Khabar Network
रजरप्पा में छठ महापर्व का समापन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ हुआ. राजाबांध में सूर्य प्रतिमा और मनमोहक सजावट ने भक्तों का मन मोहा. भक्तिमय माहौल में पर्व संपन्न.
रजरप्पा. लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हो गया. इस अवसर पर रजरप्पा कोयलांचल के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का संगम देखने को मिला. अहले सुबह से ही घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. व्रतियों ने सूप और दउरा में फल, नारियल, ठेकुआ सहित विभिन्न प्रसाद सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की.
इससे पहले रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया था. दामोदर नदी, बंगलामुखी धाम, रजरप्पा मंदिर परिसर स्थित भैरवी नदी, चितरपुर राजाबांध, सती पोखर, नवा पोखर और वामनधारा नदी सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
आकर्षक सजावट और सूर्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
चितरपुर राजाबांध छठ घाट को राम सेना क्लब की ओर से आकर्षक ढंग से सजाया गया था. तालाब के बीच स्थापित भगवान सूर्य की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही. वहीं, नवा पोखर में जागृति क्लब की ओर से रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया पंडाल लोगों को आकर्षित करता रहा.
छठ गीतों से गूंजते रहे घाट
पूरे क्षेत्र में छठी मइया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. 'उग हो सूरज देव अरघ के बेर', 'केलवा जे फरेला घवद से' और 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए' जैसे लोकगीतों ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया. दीपों की रोशनी और सूर्य प्रतिमा का प्रतिबिंब घाटों की सुंदरता बढ़ा रहा था.
छठ पर्व को लेकर घाटों पर सफाई, रोशनी और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किये गये थे. विधि-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए चितरपुर सीओ दीपक मिंज और रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
