Palamu News: छठ पर सात जगहों पर ट्रेन रोकने का आदेश, पटरी पार करते दिखे व्रती तो थमेगी रेल

विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

छठ महापर्व पर रेल हादसों को रोकने के लिए रेलवे की विशेष सुरक्षा व्यवस्था. ट्रैक पार करते दिखे छठव्रती तो थमेगी ट्रेन, जानिए कब और कहां.

विज्ञापन

मेदिनीनगर. छठ महापर्व के दौरान रेल हादसों को रोकने के लिए रेलवे ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है. बरवाडीह स्टेशन से गढ़वा रोड जंक्शन के बीच सात स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां छठव्रती अपने परिजनों और बच्चों के साथ नदी या तालाब जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करते हैं. इन स्थानों पर ट्रेन चालकों को दूर से ही लंबा हॉर्न बजाने और जरूरत पड़ने पर ट्रेन रोकने का निर्देश दिया गया है.

विज्ञापन

सात संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता

रेलवे ने डालटनगंज, गढ़वा रोड, तोलरा, कजरी, चियांकी, रजहारा और सिगसिगी के पास रेल लाइन को चिह्नित किया है. इन जगहों से छठव्रती अपने घरों से नदी या तालाब की ओर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करते हैं. रेलवे ने अप और डाउन दोनों लाइनों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.

लंबा हॉर्न बजाने के बाद भी नहीं हटे तो रोक दें ट्रेन

निर्देश के अनुसार, इन सात स्थानों के पास पहुंचने पर ट्रेन चालक दूर से ही लंबा हॉर्न बजायेंगे. यदि हॉर्न बजाने के बाद भी छठव्रती या उनके साथ चल रहे महिला, पुरुष और बच्चे रेल पटरी से नहीं हटते हैं, तो ट्रेन रोक देनी होगी. यह आदेश मालगाड़ी, लंबी दूरी की ट्रेन, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के चालकों पर लागू होगा. चालकों को ट्रेन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने और ट्रैक पर लोगों की मौजूदगी दिखने पर तत्काल ट्रेन रोकने का प्रयास करने की हिदायत दी गयी है. यह विशेष आदेश 14 नवंबर को दोपहर दो बजे से 16 नवंबर को सुबह 10 बजे तक लागू रहेगा.

भीड़ के अनुसार बढ़ाया जा सकता है ट्रेन का ठहराव

स्टेशन मैनेजर उमेश कुमार ने बताया कि रेलवे विभाग ने क्राउड मैनेजमेंट ग्रुप बनाया है. इसके माध्यम से सभी स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जाती है. जिस स्टेशन पर ट्रेन आने के समय अधिक भीड़ होगी, वहां यात्रियों को सुरक्षित तरीके से चढ़ाने के लिए निर्धारित ठहराव से अधिक समय तक ट्रेन रोकी जा सकती है. भीड़ को देखते हुए दो से चार मिनट तक अतिरिक्त ठहराव दिया जा सकता है. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें भी चलायी जा रही हैं.

सात जगहों पर तैनात रहेंगे आरपीएफ जवान

सुरक्षा व्यवस्था के तहत इन सात स्थानों पर आरपीएफ के जवान भी तैनात रहेंगे. स्टेशन मैनेजर ने बताया कि डालटनगंज स्टेशन से प्रतिदिन सभी तरह की 120 से 130 ट्रेनें गुजरती हैं. अमानत नदी के पास लो हाइट सबवे बनाया गया है, लेकिन छठ के दौरान कई लोग इसका इस्तेमाल करने के बजाय रेलवे ट्रैक पार करते हैं. इसी को देखते हुए अमानत नदी के पास भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola