15 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी में बन सकता है डिप्रेशन, चक्रवात की आहट के बीच झारखंड का कैसा रहेगा मौसम?

Updated:
विज्ञापन

सुबह सुबह छाया कुहासा (AI GENERATED IMAGE)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम सिस्टम पर मौसम वैज्ञानिक नजर रखे हुए हैं. जानें यह चक्रवात में बदलेगा या नहीं और झारखंड में इसका क्या असर होगा.

विज्ञापन

बंगाल की खाड़ी में मौसम का एक नया सिस्टम आकार ले रहा है. दक्षिण अंडमान सागर से लेकर दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक हो रही हलचल पर मौसम वैज्ञानिक लगातार नजर बनाए हुए हैं. आने वाले दिनों में यह सिस्टम कितना मजबूत होगा, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. हालांकि, इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हो गई है. यदि यह चक्रवात का रूप लेता है तो इसका नाम 'अकवान' (Akvan) रखा जाएगा. यह नाम ईरान की ओर से दिया गया है.

विज्ञापन

15 नवंबर तक डिप्रेशन बनने के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के बुलेटिन में बताया गया है कि दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के इलाके में बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण अब मध्य अंडमान सागर तथा उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर सक्रिय है. इसकी ऊंचाई समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर तक बताई गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, इस मौसमी गतिविधि के चलते 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है. 14 नवंबर तक इसके सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है. वहीं, 15 नवंबर तक इसके डिप्रेशन बनने का अनुमान जताया गया है। इसके बाद सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. हालांकि, अभी इसके चक्रवात बनने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

झारखंड में फिलहाल बारिश या तूफान का खतरा नहीं

समुद्र में बन रहे इस सिस्टम के बीच झारखंड के लोगों के लिए फिलहाल राहत की खबर है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 18 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है. इस दौरान बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.

राजधानी रांची समेत झारखंड के किसी भी जिले के लिए फिलहाल इस मौसमी सिस्टम के मद्देनजर बारिश, तेज हवाओं या तूफानी गतिविधियों को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने का मतलब यह नहीं है कि उसका असर झारखंड में भी बारिश के रूप में दिखाई देगा. इसका प्रभाव इस बात पर निर्भर करेगा कि सिस्टम किस दिशा में बढ़ता है और आगे कितनी ताकत हासिल करता है. यदि इसकी दिशा या तीव्रता में बदलाव होता है, तभी झारखंड सहित पूर्वी भारत के मौसम पर संभावित असर का सही अनुमान लगाया जा सकेगा.

ये भी पढ़ें: JETET अभ्यर्थियों की वर्षों की तैयारी पर मंडराया संकट, OMR sheet में सुधार की उठी मांग

नवंबर में बढ़ने लगी ठंड, न्यूनतम तापमान पर नजर

दूसरी ओर, झारखंड में नवंबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू होने के साथ ही ठंड का असर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है. सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के ताजा आकलन में राज्य के कुछ इलाकों का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है.

ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों की नजर केवल बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम पर ही नहीं, बल्कि हवा की दिशा और तापमान में होने वाले उतार-चढ़ाव पर भी रहेगी. फिलहाल रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में रात और सुबह की ठंड में और इजाफा हो सकता है.

कुल मिलाकर, बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम अगले दो से तीन दिनों में किस दिशा में आगे बढ़ता है और कितनी मजबूती हासिल करता है, यह महत्वपूर्ण होगा. फिलहाल झारखंड पर इसके किसी तत्काल प्रभाव के संकेत नहीं हैं. मौसम विभाग की आगे आने वाली रिपोर्ट से ही इसकी वास्तविक स्थिति और पूर्वी भारत पर पड़ने वाले संभावित असर की तस्वीर साफ होगी.

ये भी पढ़ें: सोना लुढ़का, चांदी ₹2 लाख पर स्थिर, जानें पटना-रांची समेत आपके शहर का ताजा भाव

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola