कविता, लोकगीत और लोकनृत्य में दिखी प्रतिभा, लोहरदगा युवा महोत्सव में हुए विजेता सम्मानित
मौजूद लोग | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा में युवा महोत्सव 2026-27 का आयोजन हुआ. छात्रों ने कविता, लोकगीत, लोकनृत्य जैसी प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाया और पुरस्कार जीते.
लोहरदगा. कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार की ओर से लोहरदगा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया. महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
इस दौरान निबंध लेखन, कविता लेखन, सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य और मूक अभिनय समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. कार्यक्रम में अतिथियों का बैज पहनाकर स्वागत किया गया, जिसके बाद प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई.
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
कविता लेखन प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय, लोहरदगा के राज आर्य सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया. निबंध लेखन प्रतियोगिता में बीएस कॉलेज, लोहरदगा के प्रतिभागियों ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया.
सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में बीएस कॉलेज, लोहरदगा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि केजीबीवी भंडरा दूसरे स्थान पर रहा. सामूहिक लोकनृत्य में भी बीएस कॉलेज ने बाजी मारी और प्रथम स्थान प्राप्त किया. इस प्रतियोगिता में केजीबीवी भंडरा को दूसरा स्थान मिला. मूक अभिनय प्रतियोगिता में जीटीपीएस ने प्रथम और एमबी डीवी ने द्वितीय स्थान हासिल किया.
निर्णायक मंडल ने घोषित किये परिणाम
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में रमेश राम, लोकनाथ लोहरा, गोपेश लोहरा, कला मुंडा, विजय कुमार राय, रिंकू देव, शुभम सिंह, पलक सिंह, अंजली सिंह, सुमन कुमारी और गणेश भगत शामिल रहे. निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किये.

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त लोहरदगा, पंचायती राज पदाधिकारी अंजना दास, जिला खेल पदाधिकारी उपवन बड़ाई, कार्यालय सहायक लखन राम, अजय कुमार (साहनी), मुख्य अभियंता अंजनी लकड़ा, डीएमओ मधु तिर्की, जिला खेल समन्वयक तपई उरांव, नीरज देव, अभिषेक कुजूर, महादेव उरांव, विकास कुजूर, दीपक अंसुल कुजूर और पूजा कुमारी समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे.
विजेता और उपविजेताओं को किया गया सम्मानित
महोत्सव के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना और साहित्य, कला एवं लोकसंस्कृति के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना रहा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
