Betla National Park New Rule: अब सफारी वाहन से ही घूम सकेंगे पर्यटक, जानें कितना देना होगा शुल्क
पलामू किला | Prabhat Khabar Network
बेतला नेशनल पार्क में नया नियम: पलामू किला के लिए सफारी वाहन जरूरी, ₹1950 शुल्क. निजी वाहनों पर रोक, पर्यटकों में नाराजगी.
बेतला से संतोष प्रसाद की रिपोर्ट
बेतला. बेतला नेशनल पार्क के रेंजर उमेश कुमार दुबे ने गाइड और सफारी वाहन चालकों के लिए एक नया रोड मैप जारी किया है. इस नये नियम के तहत अब पार्क परिसर में आने वाले पर्यटकों को पलामू किला घूमने के लिए अनिवार्य रूप से सफारी वाहन का ही सहारा लेना होगा. पलामू किला को सर्किट-2 के रूप में शामिल किया गया है.
बेतला नेशनल पार्क की स्थापना काल से अब तक सिर्फ एक ही सर्किट था, जो बेतला जंगल में सफारी होता था. किला रोड घुसते समय स्थानीय व्यंजन का लुत्फ उठाने की व्यवस्था होगी, जबकि लौटने के क्रम में बक्सा मोड़ पर भी लोग जलपान कर सकेंगे. इसके लिए भी पर्यटकों को अलग से शुल्क देना होगा.
ये रहेगा नया रूट
नये नियमों के अनुसार पर्यटकों को पार्क परिसर में एंट्री करने के बाद एक गाइड और सफारी वाहन दिया जाएगा. पर्यटक इस गाइडेड सफारी वाहन के साथ पलामू किला रोड से होते हुए सबसे पहले पलामू किला पहुंचेंगे. पलामू किला का दीदार करने के बाद पर्यटकों का वाहन उन्हें सीधे कमलदह झील लेकर जाएगा. इसके बाद पर्यटक बक्सा मोड़ होते हुए मड हाउस पहुंचेंगे.
मड हाउस में पर्यटकों के लिए जलपान की व्यवस्था होगी. वहां जलपान और कुछ देर विश्राम करने के बाद पर्यटक पुनः उसी वाहन से वापस बेतला पार्क के मुख्य गेट परिसर में पहुंचेंगे. पार्क प्रशासन का मानना है कि इस नये रोड मैप से वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटकों की यात्रा भी अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगी.
पहले घूमते थे फ्री, अब देना होगा 1950 रुपये
पहले पलामू किला जाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होता था. लोग अपने-अपने निजी वाहन से पलामू किला जाते थे, लेकिन अब निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी है. पलामू किला जाने के लिए अब पर्यटकों को ओपन सफारी वाहन ही किराये पर लेना होगा, जिसके लिए 1950 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा.
स्थानीय लोगों और पर्यटकों में नाराजगी
इस नये नियम के लागू होने के बाद से लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है. कई लोगों का कहना है कि पलामू किला झारखंड की ऐतिहासिक धरोहर है. इस तरह से वहां जाने के लिए भारी शुल्क की वसूली करना पूरी तरह नाजायज और गलत है.
ये भी पढ़ें: पलामू टाइगर रिजर्व और बेतला में जितिया की धूम, संतान की लंबी उम्र के लिए माताओं ने रखा निर्जला व्रत
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए