पति की मौत के बाद पत्नी ने खोली पड़ोसी की करतूत, रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
पति की संदिग्ध मौत के मामले में पत्नी ने पड़ोसी पर मानसिक प्रताड़ना, रंगदारी और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है. मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है.
झुमरीतिलैया. तिलैया थाना क्षेत्र के गौशाला रोड स्थित बजरंग नगर चौक के समीप खुशी टेंट हाउस के संचालक विनय यादव की दीपावली की रात हुई संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक की पत्नी कविता देवी ने सोमवार को थाने में आवेदन देकर पड़ोसी पप्पू खटीक पर पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. उन्होंने पति की मौत के पीछे पड़ोसी की भूमिका होने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
50 कुर्सी और 10 टेबल लेने के बाद भुगतान नहीं करने का आरोप
कविता देवी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहनेवाले मछली-मुर्गा व्यवसायी पप्पू खटीक उनके पति को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. करीब तीन-चार महीने पहले पप्पू खटीक ने उनके टेंट व्यवसाय से 50 कुर्सियां और 10 टेबल किराये पर लिये थे. आरोप है कि इसके बदले न तो भुगतान किया गया और न ही सामान लौटाया गया. इसके बावजूद पप्पू खटीक कथित रूप से दो लाख रुपये रंगदारी मांग रहा था. रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
घर पहुंचकर थप्पड़ मारने और कारोबार बंद करने की धमकी देने का आरोप
पत्नी के आवेदन के अनुसार, आठ नवंबर की रात करीब 10:30 बजे पप्पू खटीक उनके घर पहुंचा था. आरोप है कि वह विनय यादव पर टेंट का कारोबार बंद करने का दबाव बना रहा था. इस दौरान परिवार और अन्य लोगों के सामने विनय को थप्पड़ मारने और कारोबार बंद नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है. कविता देवी का कहना है कि इन घटनाओं के कारण उनके पति मानसिक तनाव में थे. उन्होंने आशंका जतायी है कि पति की मौत के पीछे पप्पू खटीक की भूमिका हो सकती है.
दुकान के अंदर फंदे से झूलता मिला था शव
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात विनय यादव की दुकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी. शुरुआत में उनके द्वारा दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की बात सामने आयी थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, रात में विनय शराब के नशे में घर पहुंचे थे. इस दौरान पत्नी के साथ मामूली विवाद हुआ था. इसके बाद वह घर से निकलकर पास स्थित अपनी दुकान में चले गये थे. बाद में परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गयी.
इस संबंध में थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

