झुमरीतिलैया: दानापुर इंटरसिटी से शराब की 11 बोतलें बरामद, दो गिरफ्तार
बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी जारी. दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से 11 बोतलें वोडका के साथ 2 युवक गिरफ्तार. पूछताछ में कबूल की तस्करी की बात.
झुमरीतिलैया. बिहार में शराबबंदी के बावजूद झारखंड से शराब की तस्करी जारी है. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की गुरपा ओपी टीम ने कोडरमा-गझंडी रेलखंड पर दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से शराब की 11 बोतलें बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की कीमत 9,020 रुपये आंकी गयी है.
आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में गया-कोडरमा रेलखंड पर ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान ट्रेन संख्या 13233 अप कोडरमा-राजगीर-दानापुर एक्सप्रेस के साधारण कोच में जांच के दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया.
गिरफ्तार युवकों की पहचान नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र के बड़ेपुर गांव निवासी गोलू कुमार (20) और रवि कुमार (19) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान दोनों के पिट्ठू बैग से मैजिक मूवमेंट वोडका की 750 एमएल की कुल 11 बोतलें बरामद की गयीं.
शराब की कुल मात्रा 8.25 लीटर बतायी गयी है. आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार के अनुसार, पूछताछ में दोनों युवकों ने झारखंड से शराब ले जाकर बिहार में ऊंची कीमत पर बेचने की बात स्वीकार की. आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए