JPSC कर्मचारी के पेंशन लाभों की गणना 16 दिसंबर 2004 से होगी, हाईकोर्ट का निर्देश
झारखंड हाईकोर्ट का फाइल फोटो.
जेपीएससी संविदाकर्मी शंकर प्रसाद को हाईकोर्ट से पेंशन लाभ में राहत मिली है. अदालत ने नियुक्ति की तारीख से गणना का आदेश दिया है. जानिए क्या है पूरा मामला.
रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने जेपीएससी के एक संविदाकर्मी को पेंशन लाभ के मामले में राहत दी है. अदालत ने निर्देश दिया है कि शंकर प्रसाद के पेंशन संबंधी लाभों की गणना उनकी नियमित नियुक्ति की तारीख से नहीं, बल्कि शुरुआती नियुक्ति की तारीख से की जाये. हालांकि, अदालत ने उनकी सेवा नियमितीकरण से जुड़ी मांग को खारिज कर दिया.
जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने शंकर प्रसाद की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि नियमितीकरण के बाद उन्हें लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) के पद पर 1900 रुपये ग्रेड पे देना नियमों के अनुरूप है. अदालत ने इस व्यवस्था को सही ठहराया, लेकिन पेंशन लाभों की गणना में शुरुआती नियुक्ति की तारीख को आधार बनाने का निर्देश दिया.
16 दिसंबर 2004 से संविदा पर कर रहे थे काम
शंकर प्रसाद 16 दिसंबर 2004 से झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में संविदा के आधार पर टंकक के पद पर काम कर रहे थे. उन्होंने अपनी सेवा शर्तों और नियमितीकरण के बाद मिले पद व ग्रेड पे को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी.
इससे पहले उनकी याचिका पर 20 सितंबर 2023 को पारित आदेश के आधार पर जेपीएससी ने आठ जुलाई 2024 को उनकी सेवा नियमित की थी. इसके बाद उन्हें एलडीसी के पद पर रखा गया और 1900 रुपये ग्रेड पे का लाभ दिया गया. प्रार्थी ने जेपीएससी के इस फैसले को चुनौती दी थी.
नियमितीकरण की तारीख नहीं, शुरुआती नियुक्ति बनेगी आधार
हाईकोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए एलडीसी पद और ग्रेड पे से जुड़े जेपीएससी के फैसले को नियमों के अनुरूप माना. हालांकि, अदालत ने पेंशन संबंधी लाभों की गणना शुरुआती नियुक्ति की तारीख 16 दिसंबर 2004 से करने का निर्देश दिया. इससे प्रार्थी की पेंशन संबंधी गणना में उनकी शुरुआती सेवा अवधि को शामिल किया जायेगा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए