झारखंड के आसमान में छाया रहेगा कुहासा, दो दिनों में बढ़ सकता है तापमान

झारखंड में अभी ठंड का असर जारी रहेगा.
Jharkhand Weather Updates: पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से झारखंड में सोमवार की रात को बारिश हुई. इससे पूरे राज्य में ठंड एक बार फिर लौट आई. हालांकि, इस ठंड में कनकनी कम है. बारिश की वजह से सुबह के समय कुहासा छाया रहेगा. लेकिन, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. मौसम संबंधी पूरी खबर नीचे पढ़ें.
Jharkhand Weather Updates: पश्चिमी विक्षोभ की वजह से झारखंड के मौसम में अचानक बदलाव दर्ज किया गया है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, पूरे राज्य में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिलेगी, लेकिन इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी. बुधवार से सुबह के समय हल्का से मध्यम दर्जे तक कुहासा छाया रहेगा, जबकि दिन में आकाश मुख्य रूप से साफ रहेगा. हालांकि, मौसम शुष्क बना रहेगा.
पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार की रात राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की घटनाएं हुईं. इसका असर न्यूनतम तापमान पर पड़ा है. अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. हालांकि, उसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल किसी बड़े सिस्टम के सक्रिय नहीं होने के कारण राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा. सुबह के समय कुहासा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है.
सोमवार की बारिश से बढ़ी ठंड
सोमवार रात हुई बारिश की वजह से झारखंड के विभिन्न जिलों में ठंड दोबारा लौट आई. पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में सबसे अधिक 28.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई. राजधानी रांची के शहरी इलाकों में एक से दो मिमी तक हल्की बारिश हुई, जबकि कांके में 19.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. मंगलवार की शाम दुमका, गोड्डा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हुई. बारिश के कारण कई जिलों में तापमान में अस्थायी गिरावट देखी गई, लेकिन मौसम साफ होते ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी.
जगन्नाथपुर रहा सबसे गर्म स्थान
झारखंड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा. तापमान में यह उतार-चढ़ाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और हल्की वर्षा के कारण हुआ है.
अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. न्यूनतम तापमान 14 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 24 और 25 फरवरी को न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी, लेकिन 27 और 28 फरवरी तक तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी.
उत्तर-पश्चिमी झारखंड में ठंड का असर
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 26 फरवरी के बाद यहां तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जाएगी.
रांची-खूंटी में मौसम रहेगा सामान्य
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. गुमला में 26 फरवरी को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो इस क्षेत्र का सबसे कम अनुमानित तापमान होगा.
दक्षिणी झारखंड में गर्मी का असर बढ़ेगा
पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 28 फरवरी तक इन जिलों में अधिकतम तापमान में स्पष्ट बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 27 फरवरी से चलेगी भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस, खलारी स्टेशन पर होगा ठहराव
सुबह कुहासा, दिन में साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहेगा, लेकिन दिन में मौसम साफ और शुष्क रहेगा. फिलहाल किसी बड़े वर्षा सिस्टम की संभावना नहीं है. तापमान में गिरावट के बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी का ट्रेंड देखने को मिलेगा. मौसम का यह बदलाव खेती और दैनिक जीवन दोनों पर असर डाल सकता है, इसलिए लोगों को सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2026 की पहली बारिश! नौ जिलों में वज्रपात की आशंका, येलो अलर्ट जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




