Diwali Special: पटाखे लेकर ट्रेन में चढ़े तो होगी जेल! टाटानगर स्टेशन पर RPF का पहरा सख्त, डॉग स्क्वॉयड से हो रही जांच

Updated:
विज्ञापन

टाटानगर स्टेशन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दीपावली और छठ पर ट्रेनों में पटाखे ले जाने वालों के खिलाफ RPF का अभियान तेज. टाटानगर स्टेशन पर डॉग स्क्वॉयड से सघन तलाशी. पकड़े जाने पर होगी जेल.

विज्ञापन

जमशेदपुर: दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में पटाखों व अन्य ज्वलनशील पदार्थों की अवैध ढुलाई रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है. मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद टाटानगर रेलवे स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी गयी है. आरपीएफ के जवान डॉग स्क्वॉयड के साथ ट्रेनों के कोच, यात्रियों के सामान और पार्सल कार्यालय में सघन तलाशी ले रहे हैं.

विज्ञापन

ओडिशा और हावड़ा रूट से आने-जाने वाली प्रमुख ट्रेनों पर विशेष नजर रखी जा रही है. ट्रेनों के कोच, शौचालय, सीटों के नीचे और लगेज रैक में रखे बैगों की जांच की जा रही है. वहीं, टाटानगर स्टेशन पर आने वाले और यहां से दूसरे स्टेशनों के लिए बुक होने वाले पार्सल पैकेटों को भी स्कैनर मशीन से गुजारा जा रहा है. इसका उद्देश्य पार्सल के माध्यम से पटाखों या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री की ढुलाई को रोकना है.

मेमू और पैसेंजर ट्रेनों में भी औचक जांच

आरपीएफ का अभियान सिर्फ एक्सप्रेस ट्रेनों तक सीमित नहीं है. पैसेंजर और मेमू ट्रेनों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. कोल्हान के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों के कई छोटे व्यापारी जमशेदपुर के साकची, बिष्टुपुर और जुगसलाई स्थित थोक बाजारों से खरीदारी कर लोकल ट्रेनों से अपने घर लौटते हैं. इसी को देखते हुए लोकल ट्रेनों में भी यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है.

टाटानगर-आदित्यपुर-चक्रधरपुर मेमू (68019), टाटानगर-गुवा मेमू (68003) और हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस (12021) समेत अन्य ट्रेनों में औचक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.

पटाखे ले जाना रेल अधिनियम के तहत अपराध

आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि ट्रेनों में पटाखे या अन्य ज्वलनशील सामग्री लेकर चलना रेल अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है. ऐसा करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. इसमें जुर्माने के साथ जेल की सजा का भी प्रावधान है.

रेलवे का यह विशेष जांच अभियान दीपावली के बाद छठ पर्व तक जारी रहेगा. आरपीएफ का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola