पुलिस-पब्लिक मीटिंग में पटमदा को अपराध व नशामुक्त बनाने का संकल्प

पुलिस-पब्लिक मीटिंग में विभिन्न समस्याओं पर बातचीत करते लोग | Prabhat Khabar Network
जमशेदपुर के पटमदा में पुलिस-पब्लिक मीटिंग का आयोजन हुआ। क्षेत्र को अपराध और नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर सामूहिक संकल्प लिया है।
वरीय संवाददाता
जमशेदपुर ग्रामीण इलाके पटमदा से सकारात्मक और उम्मीद जगाने वाली खबर सामने आयी है. पटमदा थाना परिसर में थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता की अध्यक्षता में पुलिस पब्लिक रिलेशन रि-फॉर्म मीटिंग-2026'''' का आयोजन हुआ. इस बैठक का मुख्य मकसद पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास, संवाद और समन्वय को मजबूत कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल तैयार करना था. कार्यक्रम में पटमदा इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, खगेन महतो, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू समेत विभिन्न पंचायतों के ग्राम प्रधान, मांझी बाबा टीकाराम मुर्मू और भारी संख्या में जागरूक नागरिक शामिल हुए. बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के विकास और सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई, जिसमें युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर रोक, चोरी की घटनाओं पर लगाम, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा जैसे विषय प्रमुख रहे. सभी ने आपसी विवादों को रंजिश के बजाय बातचीत से सुलझाने पर जोर दिया. बैठक के समापन पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस के साथ मिलकर एक सुरक्षित, नशामुक्त और अपराधमुक्त पटमदा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.
असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जायेगा : विष्णु चरण भोगता
थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता ने कहा कि पटमदा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखना पुलिस की प्राथमिकता है. अपराध, नशा और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जायेगा. इसमें आम जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है. पुलिस और जनता मिलकर ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समाज का निर्माण कर सकते हैं.
युवाओं को नशा से दूर रखना सामूहिक जिम्मेदारी : अजय कुमार ठाकुर
पटमदा इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि नशा समाज की सबसे बड़ी बुराइयों में से एक है. युवाओं को इससे दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री, चोरी या किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिले, तो लोग बिना संकोच पुलिस को जानकारी दें. हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी.
जनता व पुलिस को विश्वास की डोर को मजबूत करना जरूरी : प्रदीप बेसरा
जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा ने कहा कि गांव-गांव में जनजागरूकता बढ़ाकर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना समय की आवश्यकता है. सामाजिक सहभागिता से ही अपराध और नशे पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.
नशा व अपराध को खत्म करने के लिए समाज को आगे आना होगा : चंद्रशेखर टुडूविधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि पटमदा को अपराधमुक्त, नशामुक्त और सौहार्दपूर्ण क्षेत्र बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा. युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि और ग्रामीण को पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग प्रदान करना होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










