अमाईनगर पुलिया हादसा: ‘मैं सुष्मिता हूं, बचाओ…’ 3 किमी दूर नदी में मिली मां, 5 साल की बेटी ने अस्पताल में तोड़ा दम

Updated:
विज्ञापन

श्रेया कृष्णा सिन्हा की फाइल फोटो

घाटशिला में एक अनियंत्रित कार ने पुलिया पर खड़े परिवार को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में 5 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां को 3 किमी दूर नदी से बचाया गया. परिवार के अन्य सदस्य घायल हैं.

विज्ञापन

घाटशिला: घाटशिला थाना क्षेत्र के अमाईनगर पुलिया पर बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम श्रेया कृष्णा सिन्हा की मौत हो गयी. वहीं हादसे के दौरान स्वर्णरेखा नदी में गिरी उसकी मां सुष्मिता सिन्हा को करीब 2-3 किलोमीटर दूर से जिंदा बरामद कर लिया गया. हादसे में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तेज रफ्तार कार ने पुलिया पर खड़े लोगों को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्राइबर कार संख्या जेएच05डीके 0236 ने अमाईनगर पुलिया पर खड़े एक ही परिवार समेत कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुष्मिता सिन्हा उफनती स्वर्णरेखा नदी में जा गिरीं. रात का अंधेरा और नदी का तेज बहाव होने के कारण उनकी तलाश करना काफी मुश्किल था.

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू कर दी. घाटशिला के जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह, उप मुखिया सुजन मन्ना समेत सुजल शेखर, रौनक शेखर, विजय सिंह, धनेश गिरी, आशीष रॉय, साहेब पूर्ति और सुदीप कुमार सहित कई लोग देर रात तक नदी किनारे उनकी तलाश करते रहे.

रात 1 बजे नदी किनारे सुनाई दी आवाज

रात करीब 1 बजे हरिणधुकड़ी के चिडिका घाट के पास ग्रामीणों को एक महिला की आवाज सुनाई दी. महिला ने आवाज लगाकर कहा, “मैं सुष्मिता हूं, बचाओ.” आवाज सुनते ही ग्रामीण उस दिशा में पहुंचे और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला.

इसके बाद सुष्मिता को गंभीर हालत में पहले घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. वहां से उन्हें एमजीएम अस्पताल और फिर टीएमएच रेफर किया गया. उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर और कमर के नीचे गंभीर चोट बतायी गयी है.

इलाज के दौरान 5 साल की श्रेया ने तोड़ा दम

हादसे में घायल 5 वर्षीय श्रेया कृष्णा सिन्हा को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. उसके पेट और अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोटें थीं और दाहिना पैर भी फ्रैक्चर हो गया था. गुरुवार सुबह टीएमएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

झामुमो प्रखंड सह सचिव रिंकू सिंह ने घायल बच्ची को अनुमंडल अस्पताल से अपने निजी वाहन से टीएमएच पहुंचाया था. उन्होंने कहा कि बच्ची को बचाने की पूरी कोशिश की गयी, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.

पिता की हालत गंभीर

हादसे में बच्ची के पिता सुब्रतो सिन्हा की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उनका ऑपरेशन चल रहा है. परिवार के अन्य सदस्य दो वर्षीय शुभ्रदीप कृष्णा सिन्हा समेत सभी घायलों का इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, परिवार के चारों सदस्यों के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है.

परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद समय पर प्रशासनिक मदद नहीं मिली. उनका कहना है कि स्थानीय लोगों की मदद से ही सुष्मिता की जान बच सकी.

श्रेया स्कूल में पढ़ती थी, मां थीं शिक्षिका

गोपालपुर निवासी श्रेया सिन्हा स्थानीय किड्जी एलिमेंट्री स्कूल में यूकेजी की छात्रा थी. उसकी मां सुष्मिता सिन्हा भी इसी विद्यालय में शिक्षिका हैं. वहीं पिता सुब्रतो सिन्हा डुमरिया में जेएसएलपीएस में एडमिन पद पर कार्यरत हैं. हादसे में बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

कार जब्त, चालक और साथी का भी इलाज जारी

हादसे के लिए जिम्मेदार कार चालक की पहचान मुसाबनी के मेढ़िया निवासी गोवर्धन पातर (45) के रूप में हुई है. उसके साथ मौजूद गिरीशडांगा निवासी दीपक भगत को भी घायल अवस्था में एमजीएम अस्पताल भेजा गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी, घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, गालूडीह थाना प्रभारी अंकू कुमार, धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज मिश्रा, मऊभंडार ओपी प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे थे. विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर मौजूद रहे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola