ऋषभ पंत की जगह टीम इंडिया 'A' में जमशेदपुर के लाल कुमार कुशाग्र की एंट्री, मियांदाद का रिकॉर्ड तोड़कर आए थे चर्चा में

Updated:
विज्ञापन

कुमार कुशाग्र.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमशेदपुर के युवा विकेटकीपर कुमार कुशाग्र को भारत 'ए' टीम में जगह मिली है. ऋषभ पंत की चोट के कारण उन्हें मौका मिला है. कभी तोड़ा था मियांदाद का वर्ल्ड रिकॉर्ड.

विज्ञापन

जमशेदपुर : झारखंड और लौहनगरी जमशेदपुर के खेल प्रेमियों के लिए क्रिकेट के गलियारे से बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है. राज्य के प्रतिभाशाली युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली भारत 'ए' (India A) टीम में शामिल कर लिया गया है. कुशाग्र को टीम के स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत के बैकअप के तौर पर शुरुआती दो मुकाबलों के लिए भारतीय दल में जगह दी गई है.

विज्ञापन

ईरानी कप में चोटिल हुए ऋषभ पंत

स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत को ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी के दौरान बाएं कंधे (साइड स्ट्रेन) में खिंचाव की समस्या आ गई थी. बीसीसीआई (BCCI) की मेडिकल टीम की निगरानी में उनके रिहैबिलिटेशन और फिटनेस को देखते हुए बोर्ड ने उन्हें शुरुआती दो मैचों से आराम देने का फैसला किया. इसी मौके पर राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने घरेलू सर्किट में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और चुस्त विकेटकीपिंग से प्रभावित करने वाले जमशेदपुर के कुमार कुशाग्र पर दांव लगाया.

घरेलू क्रिकेट में लगातार धमाकेदार प्रदर्शन और मैच जिताऊ पारियां

कुमार कुशाग्र पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं. रणजी ट्रॉफी में झारखंड को क्वार्टर फाइनल तक ले जाने से लेकर ईस्ट जोन को दलीप ट्रॉफी जिताने में उन्होंने मैच विनर की भूमिका निभाई. साथ ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी विजेता टीम में भी वे मुख्य स्तंभ रहे. आईपीएल नीलामी में 7.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली हासिल करने वाले कुशाग्र दबाव की परिस्थितियों में लंबी और आक्रामक पारियां खेलने में माहिर हैं.

जब 17 साल की उम्र में तोड़ा था मियांदाद का रिकॉर्ड

कुशाग्र साल 2022 में उस वक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे, जब उन्होंने रणजी ट्रॉफी के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में नगालैंड के खिलाफ 250 रनों की ऐतिहासिक मैराथन पारी खेली थी. महज 17 साल 141 दिन की उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 250 रन बनाकर उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद (17 साल 311 दिन) का दशकों पुराना विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया था. झारखंड के ही ईशान किशन ने 18 साल 111 दिन में यह कारनामा किया था.

पिता बोले - 5 साल की उम्र से देखा था यह सपना

कुशाग्र के भारतीय 'ए' टीम में चुने जाने की खबर जैसे ही कदमा स्थित उनके आवास पर पहुंची, परिवार में जश्न का माहौल बन गया. वाणिज्य कर विभाग के सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त पिता शशिकांत ने प्रभात खबर को बताया - वे बेटे को हमेशा से बड़ा क्रिकेटर बनाना चाहते थे. उन्होंने 5 साल की उम्र से ही उसे खुद ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया था. उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका बेटा जल्द ही सीनियर भारतीय टीम की जर्सी भी पहनेगा. वहीं, मां पुष्पा देवी और दोनों बहनों सारा और कलश ने भी कुशाग्र के चयन पर खुशी जाहिर करते हुए देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद जताई.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola