राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड के स्कूलों में तीन दिवसीय खेल महाकुंभ, छुट्टियों में भी खुलेंगे विद्यालय
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ से जुड़ेंगे हजारों बच्चे
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर, 28 से 30 अगस्त तक देशभर के स्कूलों में 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' अभियान चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य छात्रों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है.
जमशेदपुर: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्यभर के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 से 30 अगस्त तक एक भव्य और राष्ट्रव्यापी अभियान आयोजित करने का निर्देश जारी किया है. 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' विषय पर आधारित इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है. विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, इन तीन दिनों में विद्यालयों में विभिन्न प्रकार की रोमांचक गतिविधियां और प्रतियोगिताएं संपन्न कराई जाएंगी.
आपके शहर में
पहला दिन: पुशअप, योग, तीरंदाजी और स्पोर्ट्स बंधन का रोमांच
अभियान के प्रथम दिन यानी 28 अगस्त को विद्यालय परिसर में शारीरिक क्षमता और कौशल को परखने वाले विभिन्न मुकाबले होंगे. इस दिन छात्र-बधाएं पुशअप, स्किपिंग, प्लांक चैलेंज, स्पोर्ट्स बंधन, खेल आधारित स्लोगन लेखन और निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी. साथ ही, योग, मार्शल आर्ट, रस्सा-कसी (टग ऑफ वॉर) और पारंपरिक तीरंदाजी का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे बच्चों में खेल के प्रति उत्साह का संचार होगा.
दूसरा दिन: मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि और खेलकूद प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के दूसरे दिन 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. इसके बाद विद्यार्थियों को खेल शपथ दिलाई जाएगी और मार्च पास्ट निकाला जाएगा. वर्ग 1 से 12 तक के बच्चों के लिए अलग-अलग दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज, बैडमिंटन और फुटबॉल जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं होंगी. इस दिन का मुख्य आकर्षण छात्र-शिक्षक मैत्री मैच होगा, जो आपसी सौहार्द को बढ़ाएगा.
तीसरा दिन: 'संडेज ऑन साइकिल' रैली और विजेताओं का सम्मान
अंतिम दिन 30 अगस्त को स्वास्थ्य और पर्यावरण को समर्पित 'संडेज ऑन साइकिल' रैली निकाली जाएगी. इसके अलावा, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के उपलक्ष्य में एक विशेष दौड़ का आयोजन किया जाएगा. इन सभी प्रतियोगिताओं के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-प्रतिभागियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
छुट्टियों के दिन भी खुलेंगे स्कूल, शिक्षकों को मिलेगा क्षतिपूरक अवकाश
शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि 28 अगस्त (रक्षाबंधन) और 30 अगस्त (रविवार) को अवकाश होने के बावजूद राज्य के सभी विद्यालय प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे. इन निर्धारित घंटों में सभी खेल गतिविधियां अनिवार्य रूप से कराई जाएंगी. इन अवकाश के दिनों में कार्य करने वाले सभी शिक्षकों और कर्मियों को नियमानुसार क्षतिपूरक अवकाश (कंपन्सेट्री लीव) प्रदान किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए