ISC 2027: अब इंग्लिश और बेस्ट थ्री से नहीं बनेगा रिजल्ट, सभी विषयों में पास होना अनिवार्य
बोकारो में आयोजित सम्मेलन में झारखंड और बिहार के 140 स्कूलों के प्रिंसिपल ने हिस्सा लिया, इसमें जमशेदपुर के 45 स्कूलों के प्रिंसिपल भी शामिल हुए.
ISC 12वीं परीक्षा 2027 से पासिंग नियमों में बड़ा बदलाव. अब सभी 5 विषयों में पास होना होगा, इंग्लिश + बेस्ट 3 का फॉर्मूला खत्म. नई व्यवस्था की पूरी जानकारी यहां पाएं.
जमशेदपुर: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआइएससीइ) ने आइएससी (12वीं) परीक्षा 2027 के लिए पास होने के मानदंड बदल दिये हैं. अब उत्तीर्ण होने के लिए पांच विषयों में पास अनिवार्य होगा. अब तक इंग्लिश प्लस बेस्ट थ्री विषयों में पास करना होता था. यानी कोई विद्यार्थी इंग्लिश के अलावा तीन अन्य विषयों में पास हो जाता था तो उसके इंग्लिश और तीन उन विषयों के अंक (जिसमें सबसे अधिक अंक हासिल हुए हैं) को जोड़ कर प्रतिशत निकाला जाता था.
लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा. उन्हें इंग्लिश के साथ ही अन्य सभी विषयों में पास करना होगा. अगर उन्होंने पांच के अतिरिक्त कोई छठा विषय भी विकल्प के रूप में लिया है तो उसमें भी उन्हें पास करना अनिवार्य होगा.
इसमें अंग्रेजी/मॉडर्न इंग्लिश के साथ स्कूल स्तर पर आंतरिक रूप से आंके जाने वाले एसयूपीडब्ल्यू और कम्युनिटी सर्विस में पास ग्रेड हासिल करना भी जरूरी होगा. यह घोषणा सीआइएससीइ बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव सह सेक्रेट्री डॉ जोसेफ इमैनुअल ने की. बोकारो में आयोजित दो दिवसीय सीआइएससीइ के बिहार-झारखंड क्षेत्रीय सम्मेलन का समापन शनिवार को हुआ. इसमें परीक्षा से जुड़े इन बदलावों और आगामी सत्र की तैयारियों पर चर्चा की गयी. सम्मेलन में झारखंड और बिहार के 140 स्कूलों के प्रिंसिपलों ने हिस्सा लिया. इसमें जमशेदपुर के 45 स्कूलों के प्रिंसिपलों भी शामिल थे.
ऐसे बदलेगा विषय संयोजन
सीआइएससीइ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आइएससी के विद्यार्थियों को अंग्रेजी/मॉडर्न इंग्लिश के साथ चार या पांच वैकल्पिक विषय लेने होंगे. पहले की व्यवस्था में तीन, चार या पांच वैकल्पिक विषयों का विकल्प था. इसके साथ ही विषय अकाउंट्स (858) का नाम बदलकर अकाउंटेंसी (858) कर दिया गया है. बोर्ड ने आइसीएसइ और आइएससी परीक्षा 2027 के लिए रेगुलेशन और सिलेबस जारी करने की जानकारी साझा की.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए