प्रभात खबर की खबर के बाद एक्शन... चाकुलिया स्टेशन पर 500 लीटर शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार
जब्त बोतल
चाकुलिया स्टेशन पर 500 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की गयी है. आरपीएफ की कार्रवाई के बाद एक तस्कर गिरफ्तार हुआ है. ट्रेनों से शराब तस्करी का खुलासा.
चाकुलिया: चाकुलिया रेलवे स्टेशन से देसी शराब की तस्करी की सूचना पर बुधवार को आरपीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई की. घाटशिला से पहुंची आरपीएफ टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन और चार के बीच छापेमारी कर करीब 500 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की.
बोरियों और झोलों में भरकर रखी गयी शराब की करीब 300 बोतलें बरामद की गयीं. मौके से शास्त्री हेंब्रम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपी चाकुलिया थाना क्षेत्र की सिमदी पंचायत के बागडूबा गांव का रहने वाला है.
गौरतलब है कि ‘प्रभात खबर’ ने बुधवार के अंक में ‘चाकुलिया के गांवों में देसी शराब बना ट्रेन से भेजी जा रही कोलकाता’ शीर्षक से इस अवैध कारोबार का खुलासा किया था. इसके बाद आरपीएफ की टीम सक्रिय हुई और छापेमारी अभियान चलाया गया.
इंटरसिटी एक्सप्रेस से कोलकाता भेजने की थी तैयारी

आरपीएफ इंस्पेक्टर विजय कश्यप के नेतृत्व में चलाये गये अभियान में सब इंस्पेक्टर मुकेश कश्यप, सब इंस्पेक्टर अमरेंद्र कौशल समेत अन्य जवान शामिल थे. जब्त शराब की खेप को इंटरसिटी एक्सप्रेस में लादकर कोलकाता भेजने की तैयारी थी. हालांकि, इससे पहले ही आरपीएफ ने शराब जब्त कर तस्करी की कोशिश नाकाम कर दी.
तस्करी में आदिवासी महिलाओं को बनाया जा रहा मोहरा
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि पिछले कुछ समय से ग्रामीण इलाकों से अवैध देसी शराब ऑटो के जरिये चाकुलिया स्टेशन लायी जा रही थी. इसके बाद ट्रेनों से शराब पश्चिम बंगाल भेजी जा रही थी. इस अवैध कारोबार में आदिवासी महिलाओं को मोहरा बनाये जाने की बात भी सामने आयी है. आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए