जमशेदपुर: सुबह से कतार में खड़े रहे सैकड़ों लोग, शिविर में नहीं आया कोई अधिकारी; फिर एसडीओ का हुआ घेराव

Updated:
विज्ञापन

27जी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए उमड़ी भीड़, हंगामे की स्थिति, 27जी बड़ाजुड़ी पंचायत में एसडीओ लोगों को समझाते हुए | Prabhat Khabar Network

घाटशिला के बड़ाजुड़ी में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर रद्द होने पर ग्रामीणों ने एसडीओ का घेराव किया। अब शिविर 31 अगस्त को आयोजित होगा।

विज्ञापन

घाटशिला: घाटशिला प्रखंड की बड़ाजुड़ी पंचायत भवन में गुरुवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए आयोजित विशेष शिविर में आरटीओ विभाग के पदाधिकारी और कर्मियों के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. शिविर में घाटशिला, धालभूमगढ़ और मुसाबनी प्रखंड से सुबह से ही सैकड़ों युवक-युवतियां, पुरुष और महिलाएं पहुंच गये थे. करीब 10 बजे तक पंचायत भवन परिसर में लंबी कतार लग गयी. बाद में शिविर स्थगित होने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

इसी दौरान एसआईआर कार्य (दावा-आपत्ति) शिविर में शामिल होने घाटशिला एसडीओ अमिताभ भकत बड़ाजुड़ी पहुंचे. नाराज ग्रामीणों ने एसडीओ का घेराव कर अपनी परेशानी बतायी. ग्रामीणों ने कहा कि शिविर की तिथि पहले से निर्धारित थी. इसके बावजूद आरटीओ विभाग का कोई पदाधिकारी या कर्मी नहीं पहुंचा. इससे दूर-दराज से आये लोगों को काफी परेशानी हुई.

एसडीओ ने आरटीओ से बात कर तय की नयी तिथि

ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद एसडीओ अमिताभ भकत ने जिला परिवहन पदाधिकारी से बात की. बातचीत के बाद ड्राइविंग लाइसेंस शिविर के लिए 31 अगस्त की नयी तिथि निर्धारित की गयी. एसडीओ ने मौके पर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ.

एसडीओ ने कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज है, लेकिन शिविर स्थगित होने की सूचना समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण ऐसी स्थिति बनी. उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील की और भविष्य में पंचायत स्तर पर नियमित रूप से शिविर आयोजित कराने का प्रयास करने की बात कही.

एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

ग्रामीणों ने एसडीओ के नाम ज्ञापन सौंपकर नियमित रूप से ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित कराने की मांग की. ज्ञापन सौंपने वालों में राम हेंब्रम, संदीप पाल, जितेन मानकी, शिल्पा दास, मेनका मुर्मू, वाजिद अली समेत करीब 40 लोग शामिल थे.

ग्रामीणों ने बताया कि कई लोग पहले ही अन्य प्रखंडों में ड्राइविंग लाइसेंस की कागजी प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं. शेष प्रक्रिया पूरी करने के लिए वे बड़ाजुड़ी में आयोजित शिविर का इंतजार कर रहे थे. शिविर स्थगित होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. प्रशासन के आश्वासन के बाद धीरे-धीरे भीड़ छंटने लगी.

एसआईआर कार्यक्रम के कारण स्थगित हुआ शिविर

जिला परिवहन पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम की ओर से पत्रांक 4787 के माध्यम से बीडीओ को शिविर स्थगित किये जाने की जानकारी दी गयी थी. पत्र के अनुसार, उसी दिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 कार्यक्रम निर्धारित होने के कारण चालक अनुज्ञप्ति शिविर को स्थगित कर 31 अगस्त को आयोजित करने का निर्णय लिया गया.

शिविर स्थगित होने की सूचना समय पर ग्रामीणों तक नहीं पहुंचने के कारण पंचायत भवन में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गये थे. बाद में प्रशासन की ओर से नयी तिथि की घोषणा किये जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola