खाकी की साख पर बट्टा : गम्हरिया, गोलमुरी के बाद अब बिरसानगर थाना में एएसआइ पर प्रताड़ना का केस
बिरसानगर थाना.
जमशेदपुर में पुलिस की साख पर बट्टा. गम्हरिया, गोलमुरी के बाद बिरसानगर में एएसआइ पर दुष्कर्म और प्रताड़ना का केस दर्ज. आम जनता में रोष.
जमशेदपुर : पुलिस को समाज का रक्षक और कानून का रखवाला कहा जाता है, लेकिन हालिया घटनाओं ने इस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. शहर में लगातार पुलिसकर्मियों के दागी आचरण और आपराधिक मामलों में संलिप्तता सामने आने से ऐसा प्रतीत होने लगा है कि 'रक्षक ही भक्षक' की भूमिका में आ गये हैं. गम्हरिया थाना में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला अभी पूरी तरह से ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक के बाद एक दो नये मामलों ने महकमे को हिलाकर रख दिया है.
गोलमुरी के बाद बिरसानगर थाना पहुंचा मामला
ताजा मामला साकची पीसीआर वाहन संख्या-17 में पदस्थापित एएसआइ मुन्ना ठाकुर से जुड़ा है. बिहार के आरा जिले के संदेश थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलाड़ी (सरेया) निवासी महिला ने बिरसानगर थाना में एएसआइ मुन्ना ठाकुर के खिलाफ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है. इस सिलसिले में बिरसानगर थाना में कांड संख्या- 74/26, दिनांक 04/11/2026 को बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. इससे ठीक पहले, साकची थाना में पदस्थापित आरक्षी दुर्गाचरण तियू के खिलाफ भी गोलमुरी थाना में एक महिला ने मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना के गंभीर आरोप में केस दर्ज करा चुकी है. पुलिस इन मामलों की गुत्थी सुलझाने में जुटी ही थी कि एएसआइ मुन्ना ठाकुर के खिलाफ आये इस नये प्रकरण ने पुलिस पर गंभीर सवाल उठा दिया है. जानकारी के अनुसार मुन्ना ठाकुर पूर्व से शादीसुदा है और उसके बच्चे भी हैं. पूर्व में वह बिरसानगर थाना में पदस्थापित था. एक माह पूर्व ही उसका स्थानांतरण पीसीआर 17 में किया गया है.
ये भी पढ़ें : गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड में नया मोड़ : 3 पुलिसकर्मियों के बाद अब पति भी सलाखों के पीछे, लगे संगीन आरोप, जानें पूरा मामला
स्नैपचैट से हुई थी दोस्ती, फिर शादी का झांसा देकर प्रताड़ना
बिरसानगर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता (पति से अलग रह रही) ने बताया कि करीब पांच साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'स्नैपचैट' के जरिये उसकी पहचान जमशेदपुर में पदस्थापित एएसआइ मुन्ना ठाकुर से हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद मुन्ना ठाकुर ने अपनी पहली पत्नी के निधन की बात कहकर दूसरी शादी करने की इच्छा जतायी. पीड़िता के मुताबिक, सावन ड्यूटी के दौरान देवघर आने की बात कहकर उसने पीड़िता को भी वहीं बुलाया और वर्ष 2023 के जुलाई महीने में बाबा मंदिर में उससे शादी कर ली. इसके बाद वह उसे जमशेदपुर लेकर आया और बिरसानगर के एक होटल में रखा. कुछ दिन रखने के बाद उसे वापस आरा भेज दिया. आरोप है कि कुछ दिनों के बाद मुन्ना ठाकुर ने बातचीत बंद कर दी और पता चला कि उसने पहले से ही एक अन्य महिला से शादी कर रखी है. विरोध करने या संपर्क करने पर आरोपी एएसआइ मुन्ना ठाकुर द्वारा लगातार गाली-गलौज, धमकी दिया जाने लगा तथा मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा.
आम नागरिकों में आक्रोश
एक सप्ताह के भीतर तीन पुलिसकर्मियों की इस तरह की अनुशासनहीनता और आपराधिक कृत्यों में संलिप्त पाये जाने से आम नागरिकों में भारी आक्रोश है. फिलहाल, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इन मामलों की गहनता से जांच कर रहे हैं, लेकिन इन घटनाओं ने पुलिस की छवि को गहरा आघात पहुंचाया है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए