Advertisement
पंचायत चुनाव में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी
जमशेदपुर: राज्य में होने वाले पंचायत चुनाव में कांग्रेस 50 फीसदी से अधिक सीटों पर महिलाओं को उम्मीदवार बनायेगी. वहीं कांग्रेस अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी. उक्त बातें कांग्रेस प्रवक्ता सह महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने कही. वे मंगलवार को एग्रिको मैदान में जिला महिला कांग्रेस के महासम्मेलन में […]
जमशेदपुर: राज्य में होने वाले पंचायत चुनाव में कांग्रेस 50 फीसदी से अधिक सीटों पर महिलाओं को उम्मीदवार बनायेगी. वहीं कांग्रेस अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी. उक्त बातें कांग्रेस प्रवक्ता सह महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने कही. वे मंगलवार को एग्रिको मैदान में जिला महिला कांग्रेस के महासम्मेलन में बोल रही थी. उन्होंने आगे कहा कि डायन प्रथा समेत अन्य कुरीतियों, अत्याचार, ट्रैफिकिंग व शोषण को खत्म करने के लिए शिक्षा ही एक मात्र विकल्प है. महिलाओं को स्वावलंबी बनना होगा, तभी समाज में उन्हें अधिकार व सम्मान मिलेगा.
महिलाएं आगे बढ़ी हैं, और आगे बढ़ना है: शोभा ओझा ने कहा कि आज छोटे-छोटे गांव की महिलाएं मंच पर आ रही है. अपनी बातें व भावना को दूसरे के साथ साझा कर रही है. पहले गांव की महिला घूंघट में रहती थी. धीरे-धीरे घूंघट हटा, महिलाएं घर से बाहर निकली. अब और आगे बढ़ने की जरूरत है.
मोदी सरकार गरीब और किसान विरोधी : शोभा ओझा ने कहा कि मोदी सरकार गरीब और किसान विरोधी है. अच्छे दिन का वादा कर सर्व शिक्षा अभियान, मध्याह्न् भोजन व आइसीडीएस (टीकाकरण) के बजट में कटौती की गयी. भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन कर किसानों व आदिवासियों को नुकसान पहुंचाने को कोशिश है. पंचायती राज कांग्रेस की देन है. इसके पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीप प्रज्जवलित कर महासम्मेलन का उद्घाटन किया.
ये मौजूद थे : कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा के अलावा प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला अध्यक्ष विजय खां महिला जिला अध्यक्ष मंजित आनंद, प्रदेश महासचिव अशोक चौधरी, सचिव अजय सिंह, संजय ओझा, ज्योति मठारू, सरायकेला कांग्रेस अध्यक्ष देबू चटर्जी, पश्चिम सिंहभूम कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी सिंकू, आनंद बिहारी दुबे, रामाश्रय प्रसाद, सहगल, सरदार महेंद्र सिंह, परितोष सिंह आदि मौजूद थे.
हक और अधिकार के लिए संघर्ष का शंखनाद
महासम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष मंजित आनंद ने कहा कि महिला के हक और अधिकार के लिए संघर्ष का आज शंखनाद करते हैं. डायन बताकर महिला को नग्न घुमाना व गंदा पिलाना, महिलाओं का अपमान, बलात्कार जैसी घटनाओं से संघर्ष की जरूरत है. मौके पर जिला महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष रेणुवाला महतो, मुसाबनी प्रखंड की अध्यक्ष मनिका महाली, दुर्गा मुमरू, जिला उपाध्यक्ष सुनीता मुखी, जिला सचिव उषा यादव, पोटका प्रखंड अध्यक्ष अनिता सरदार, डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष जसमी सोरेन, पोटका की नेत्री दुखनीमाइ सरदार ने सभा को संबोधित किया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन जन अधिकार मोरचा के संयोजक सह प्रदेश कांग्रेस के सदस्य सरदार बलदेव सिंह ने किया.
भाजपा मिस कॉल पार्टी: शोभा ओझा
शोभा ओझा ने भाजपा को मिस कॉल पार्टी बताया. उन्होंने कहा कि उनके फोन पर पांच बार भाजपा का सदस्य बनने के लिए फोन व एसएसएम आया. इस मौके पर झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष आभा सिन्हा ने भी भाजपा कॉल सेंटर से उनके फोन पर भाजपा का सदस्य बनने के लिए फोन व एसएमएस आने की बात कही.
कांग्रेस का गांव गांव-पांव पांव अभियान से विरोधी कांव-कांव कर रहे हैं : झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत को पद से हटाने व संगठन में चल रही गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव गांव-पांव पांव अभियान चला रही है, मेरे विरोधी कांव-कांव कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि अगला महिला जिला स्तरीय महासम्मेलन संताल परगना में होगा.
महिला सुरक्षा पर मोदी सरकार असंवेदनशील
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने मोदी सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा नेता अरुण जेटली ने दिल्ली में बलात्कार की घटना को पर्यटन दृष्टिकोण से नकारात्मक और देश की छवि बिगाड़ने का बयान दिया, यह मोदी सरकार की महिला सम्मान की पोल खोलता है. भाजपा महिलाओं को लेकर शुरू से ही असंवेदनशील रही है. प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष आभा सिन्हा ने कहा कि वे स्वीकार करती हैं कि पांच वर्ष पहले महिला कांग्रेस सुस्त थी. आज महिला कांग्रेस सशक्त होकर कांग्रेस के हाथ को मजबूत कर रही है.
महिला अत्याचार रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जल्द : महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने साकची स्थित होटल जीवा में संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि महिला अत्याचार, अन्याय, शोषण व अप्रिय घटनाओं से निपटने के लिए महिला कांग्रेस राज्यस्तरीय हेल्प लाइन नंबर खोलेगी. इसमें पीड़ित महिलाएं शिकायत दर्ज करेंगी. इसके बाद उनको हक और अधिकार दिलाने के लिए पार्टी जिला स्तर पर संघर्ष करेगी. उन्होंने बताया कि बीएसएनएल के साथ एमओयू होगा.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Advertisement