हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में 16 घंटे पानी बंद, मरीजों को हुई भारी परेशानी; शिकायत के बाद बदली गयी जली मोटर

Updated:
विज्ञापन

हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मोटर खराब होने से 16 घंटे तक जलापूर्ति ठप रही, मरीजों को पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ी।

विज्ञापन

हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की न्यू बिल्डिंग में पानी की आपूर्ति बाधित रहने से मरीजों और उनके परिजनों को करीब 16 घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. 2 सितंबर की देर रात से गुरुवार सुबह करीब आठ बजे तक आईसीयू, मेल मेडिकल, फिमेल मेडिकल समेत कई वार्डों में पानी नहीं पहुंचा. इससे मरीजों को पेयजल के साथ शौचालय के इस्तेमाल में भी परेशानी हुई. कई मरीजों के परिजनों को बाहर से पानी खरीदकर काम चलाना पड़ा. अस्पताल के मेडिकल स्टाफ को भी इस समस्या से जूझना पड़ा.

आपके शहर में

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार अस्पताल की पानी की मोटर जल जाने के कारण न्यू बिल्डिंग में जलापूर्ति बाधित हुई थी. मोटर खराब होने के बाद समय पर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से तीन तल्लों में स्थित कई वार्डों के मरीज प्रभावित हुए. मरीजों और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से पानी की व्यवस्था कराने की मांग की, लेकिन लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हो सका.

त्राहिमाम पत्र के बाद आधे घंटे में बदली मोटर

मरीजों और परिजनों की परेशानी की जानकारी मिलने पर सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल जलापूर्ति बहाल कराने का आग्रह किया. इसके बाद उपायुक्त को सोशल मीडिया के माध्यम से त्राहिमाम पत्र भेजकर अस्पताल की व्यवस्था में हस्तक्षेप की मांग की गयी.

अस्पताल प्रबंधन के आशुतोष झा से भी दूरभाष पर बात की गयी. इसके महज आधे घंटे के भीतर जली हुई मोटर को बदल दिया गया और न्यू बिल्डिंग में पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गयी.

दोनों लिफ्ट भी बंद, मरीजों को परेशानी

इधर, अस्पताल की न्यू बिल्डिंग में दोनों लिफ्ट बंद रहने से भी मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर गंभीर मरीजों को एक तल से दूसरे तल तक ले जाने में दिक्कत हो रही है. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार लिफ्ट के वार्षिक रखरखाव की प्रक्रिया जल्द पूरी करायी जायेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola