Gumla : योजना आई, उम्मीद जगी; फिर अधूरे रह गये काम, के ग्रामीणों ने उठाये सवाल
अधूरी योजनाएं | Prabhat Khabar Network
पालकोट में उन्नत ग्राम योजना के तहत विकास कार्य अधूरे पड़े हैं. ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर क्यों सोलर लाइट, जलमीनार जैसे प्रमुख काम नहीं हो सके. जानिए पूरी खबर.
पालकोट (गुमला). प्रखंड मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर डहुपानी पंचायत के राजस्व ग्राम तेतरटोली में उन्नत ग्राम योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्य अधूरे पड़े हैं. वर्ष 2024-25 में गांव का चयन उन्नत ग्राम योजना के लिए किया गया था. योजना के तहत गांव में पीसीसी पथ, सोलर लाइट, जलमीनार और डीप बोरिंग समेत कई विकास कार्य कराये जाने थे.
ग्रामीणों के अनुसार, योजना के कार्यान्वयन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह लोक कल्याण समिति को दी गयी थी, लेकिन कई प्रमुख कार्य अब तक पूरे नहीं हो सके हैं. ग्रामीणों की शिकायत के बाद गांव का निरीक्षण किया गया, जहां लोगों में योजना के अधूरे रहने को लेकर नाराजगी दिखी.
मुख्य काम अधूरे रहने का आरोप
ग्राम सभा अध्यक्ष गंदुर नायक ने बताया कि उन्हें समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. उनके अनुसार गांव में एक-दो काम को छोड़कर योजना के तहत होने वाले अधिकांश प्रमुख कार्य अधूरे हैं. समिति के लोगों से काम पूरा नहीं होने का कारण पूछने पर राशि का आवंटन नहीं होने और उपलब्ध राशि कम होने की बात कही जाती है. ग्रामीण गजाधर गोप ने कहा कि जलमीनार, डीप बोरिंग और सोलर लाइट जैसे काम भी पूरे नहीं हुए हैं. इससे ग्रामीणों को योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है.

मुखिया ने भी उठाये सवाल
डहुपानी पंचायत के मुखिया कमल पहान ने बताया कि ग्राम सभा से योजना के सभी कार्यों को पारित कराया गया था. इसके बावजूद कार्यान्वयन एजेंसी ने कई काम अधूरे छोड़ दिये हैं. उन्होंने कहा कि काम पूरा नहीं होने के बारे में पूछने पर राशि की कमी का हवाला दिया जाता है. मुखिया ने अधूरे कार्यों की स्थिति को गंभीर बताते हुए मामले की जांच की जरूरत जतायी है.
योजना के उद्देश्य पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के विकास के लिए चयन के बाद उन्हें उम्मीद थी कि बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, लेकिन प्रमुख कार्य अधूरे रहने से योजना का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है. अब ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से योजना की जांच कराकर अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
