मछली मारने नदी गए जेम्स प्रकाश खलखो की मौत, सुबह पानी में तैरता मिला शव
घटना स्थल पर लोग | Prabhat Khabar Network
भरनो के आमलिया गांव में मछली मारने गए जेम्स प्रकाश खलखो का शव नदी में मिला. परिजन मिर्गी के दौरे से मौत की आशंका जता रहे हैं.
भरनो. गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के आमलिया, अंबाटोली गांव स्थित नदी में सोमवार सुबह 45 वर्षीय जेम्स प्रकाश खलखो का शव बरामद किया गया. वह रविवार शाम नदी में मछली मारने गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा. सोमवार सुबह उसके छोटे बेटे ने नदी में शव तैरते देखा, जिसके बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गई.
रातभर तलाश करते रहे परिजन
जानकारी के अनुसार, जेम्स प्रकाश खलखो रविवार शाम मछली मारने के लिए नदी गया था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद उन्होंने नदी के आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
सोमवार सुबह मृतक का छोटा बेटा बकरी चराने के लिए नदी के पास गया था. इसी दौरान उसने नदी में अपने पिता का शव तैरते देखा. बेटे ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी. घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया.
मिर्गी का दौरा आने की बात, मौत के कारणों की पुष्टि नहीं
बताया जाता है कि जेम्स प्रकाश खलखो को मिर्गी का दौरा भी आता था. आशंका जताई जा रही है कि नदी में मछली मारने के दौरान दौरा पड़ने से वह पानी में डूब गया होगा. हालांकि, उसकी मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है.
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
