साइन बोर्ड ने बढ़ाई राहगीरों की परेशानी, सही रास्ते के बजाय भटक रहे वाहन चालक
गलत सूचना बोर्ड | Prabhat Khabar Network
डुमरी के नवाडीह और टांगीनाथ धाम मोड़ पर लगे गलत साइन बोर्ड के कारण राहगीर भ्रमित हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने विभाग से इसे जल्द ठीक करने की मांग की है.
डुमरी. प्रखंड क्षेत्र के क्रूस चौक नवाडीह और टांगीनाथ धाम मोड़ के पास लगे साइन बोर्ड इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं. बोर्ड पर दिशाओं के संकेत स्पष्ट नहीं होने से वाहन चालकों को सही मार्ग चुनने में दिक्कत हो रही है. खासकर दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले वाहन चालक बोर्ड देखकर भ्रमित हो रहे हैं और कई बार गंतव्य के बजाय दूसरे रास्ते पर चले जा रहे हैं.
आपके शहर में
बोर्ड पर दिशा और सड़क में तालमेल नहीं
नवाडीह चौक और टांगीनाथ धाम मोड़ के पास विभिन्न मार्गों के लिए दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गये हैं. इनमें टांगीनाथ धाम, अंबिकापुर, नेतरहाट और महुआडांड़ की ओर जाने वाले रास्तों की जानकारी दी गयी है. लेकिन बोर्ड पर बने संकेत और वास्तविक सड़क मार्ग में तालमेल नहीं होने से लोगों को सही दिशा समझने में परेशानी हो रही है.
कई किलोमीटर आगे जाने के बाद पता चलती है गलती
स्थानीय लोगों के अनुसार अनजान वाहन चालक बोर्ड पर भरोसा कर गलत रास्ते पर चले जाते हैं. कई बार उन्हें काफी दूर जाने के बाद अपनी गलती का पता चलता है. इसके बाद उन्हें वापस लौटना पड़ता है. इससे यात्रियों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं.
पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है मार्ग
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग पर्यटन और आवागमन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है. टांगीनाथ धाम के अलावा कुरुंद घाट, नेतरहाट, डालटेनगंज और अंबिकापुर जाने वाले लोगों की भी इस मार्ग से आवाजाही होती है. ऐसे में दिशा-सूचक बोर्ड की गलत जानकारी यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन रही है.
ये भी पढ़ें: Subroto Cup: दिल्ली में चैंपियन बनीं गुमला की बेटियां लौटीं तो सड़कों पर उमड़ा शहर, हुआ भव्य स्वागत
ग्रामीणों ने की बोर्ड बदलने की मांग
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से साइन बोर्ड की जल्द जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि पुराने या गलत संकेत वाले बोर्ड को हटाकर स्पष्ट और सही दिशा बताने वाले बोर्ड लगाए जाएं, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को परेशानी न हो.
ये भी पढ़ें: गुमला के नौ स्कूलों में होगी ‘भारत को जानो’ परीक्षा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए