जमुआ में हत्या व लूट के दो फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती
कुर्की जब्ती की कार्रवाई करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
जमुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या और लूटपाट के दो फरार आरोपियों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की है. लंबे समय से फरार चल रहे इन अभियुक्तों पर गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं. यह कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत की गई है.
जमुआ थाना क्षेत्र के लताकी और बसमत्ता गांव में गुरुवार को पुलिस ने हत्या और लूटपाट के मामलों में नामजद दो फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. जमुआ थाना में दर्ज मामलों के नामजद अभियुक्त पंकज उर्फ नाटका हाजरा, पिता बालेश्वर हाजरा और संतोष हाजरा, पिता किसुन हाजरा के खिलाफ यह कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत की गयी.
आपके शहर में
हत्या और लूट के मामलों में नामजद हैं आरोपी
एसआई रोहित कुमार सिंह और कमलेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर पहुंचकर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. एसआई रोहित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी संबंधित मामलों में नामजद हैं और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे.
पुलिस के अनुसार, संतोष हाजरा का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर उसके आंगन में पंचायत आयोजित की गयी थी. पंचायत में शामिल होने आये महिला के भाई के साथ विवाद के दौरान संतोष हाजरा ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी.
महिला से लूटपाट के मामले में भी आरोपी
वहीं पंकज उर्फ नाटका हाजरा पर मांगोडीह गांव की एक महिला के साथ लूटपाट करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से वह फरार चल रहा था. दोनों आरोपियों के न्यायालय की प्रक्रिया के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर पुलिस ने उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की.
फरारी के कारण जब्त की जा रही संपत्ति
एसआई रोहित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी कानून से बचते हुए फरार चल रहे थे. इसी कारण न्यायालय के आदेश के तहत उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की जा रही है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान संबंधित प्रक्रिया पूरी की और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए