अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे परिजन, दानुआ घाटी में भीषण सड़क हादसे में पांच की जान गई
दुर्घटना ग्रस्त पिकअप.
दानुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहा परिवार पिकअप वाहन में सवार था, जिसे कंटेनर ने टक्कर मारी.
गिरिडीह. हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दानुआ घाटी में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि आठ अन्य घायल हो गये. सभी लोग बगोदर थाना क्षेत्र की मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव से पिकअप सवारी वाहन पर सवार होकर बनारस जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पिकअप तीन से चार बार पलटते हुए घाटी के नीचे जा गिरा.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह से चोरी हुई स्कॉर्पियो बिहार में बरामद, अपराधियों की तलाश जारी
अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, बिहारो गांव के सलैयाटांड निवासी कुजो कुम्हार (70) की रविवार को स्वाभाविक मौत हो गयी थी. उनके अंतिम संस्कार के लिए परिवार के सदस्य और रिश्तेदार सोमवार सुबह पिकअप सवारी वाहन से बनारस के लिए निकले थे. इसी दौरान दानुआ घाटी में पीछे से आ रहे कंटेनर ने पिकअप को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि वाहन कई बार पलटकर घाटी के नीचे जा गिरा.
रामकिशुन और बेटे की भी मौत
इस दुर्घटना में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतकों में सलैयाटांड निवासी रामकिशुन मंडल (60) और उनका बेटा राजू प्रजापति (28) शामिल हैं. इनके अलावा रामकिशुन की बड़ी बहू और दो अन्य रिश्तेदारों की भी मौत हुई है. अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है.
ये भी पढ़ें: बिरनी में कचरे से भरे जर्जर मकान में लगी भीषण आग, धुएं से परेशान रहे लोग, ऐसे पाया गया काबू
हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया है.
सूचना मिलते ही गांव में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही बिहारो गांव में परिजनों के बीच शोक की लहर दौड़ गयी. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पंचायत समिति सदस्य के प्रतिनिधि मनोज सिंह घटनास्थल की ओर रवाना हुए. वहीं, मुखिया बंधन महतो ने हादसे को दुखद बताया है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

