बगोदर में धूमधाम से संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, 85 वर्ष की उम्र में वीणा देवी ने रखा 55वां व्रत
छठ घाट से लौटते श्रद्धालु. | Prabhat Khabar Network
बगोदर में छठ महापर्व का समापन हो गया. 85 वर्ष की वीणा देवी ने 55वीं बार छठ व्रत कर आस्था का अनूठा उदाहरण पेश किया. जानें कैसे हुआ पर्व का समापन.
गिरिडीह. लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ बगोदर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हो गया. व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इससे पहले रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.

कांदू टोला, सूर्य मंदिर घाट, बगोदरडीह, अटका, हेसला, औरा, बेको, चौधरीबांध और खेतको समेत प्रखंड के विभिन्न घाटों पर व्रतियों ने विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया. घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गयी थी. पर्व को लेकर विभिन्न छठ पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल, तोरण द्वार और विद्युत सज्जा की गयी थी. इससे घाटों और आसपास के इलाकों में उत्सवी माहौल बना रहा.
घाटों पर सेवा और सुरक्षा के रहे इंतजाम
खेतको में जिला परिषद सदस्य रीता माथुर सहित विभिन्न घाटों पर युवाओं ने श्रद्धालुओं के बीच फल और प्रसाद का वितरण किया. वहीं, चौधरीबांध के थारीधाम में छठ मेला भी शुरू हुआ, जहां पर्व को लेकर विशेष चहल-पहल रही.
ये भी पढ़ें: 102 साल पुराना ऐतिहासिक गोपाष्टमी मेला शुरू: भगवान कृष्ण की लीलाओं से सजी झांकियां बनीं मुख्य आकर्षण
पर्व के दौरान प्रशासन भी सतर्क रहा. बगोदर-सरिया एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी राजेश कुमार ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने घाटों पर विधि-व्यवस्था और जीटी रोड पर यातायात की स्थिति का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो.
85 वर्ष की उम्र में 55वीं बार किया छठ व्रत

बगोदर बाजार निवासी 85 वर्षीय वीणा देवी ने इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा के साथ छठ व्रत किया. उन्होंने 36 घंटे का निर्जला उपवास रखकर सोमवार को पारण किया. वीणा देवी लगातार 55 वर्षों से छठ महापर्व का व्रत करती आ रही हैं. उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी आस्था और पर्व के प्रति समर्पण चर्चा का विषय रहा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए