झारखंड की राजनीति गरमाई: गिरिडीह उपचुनाव के टिकट पर भाजपा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा का बड़ा खुलासा
मौके पर मौजूद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा व अन्य. | Prabhat Khabar Network
गिरिडीह उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी का चयन पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा. प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया.
गिरिडीह. भाजपा के प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि गिरिडीह उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी का चयन भाजपा संसदीय बोर्ड करेगा. उन्होंने कहा कि संसदीय बोर्ड पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है और उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला उसी का होगा. संगठन के निचले स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव संसदीय बोर्ड को भेजा जायेगा. फिलहाल पार्टी में संगठनात्मक गतिविधियां चल रही हैं.
शुक्रवार को बनियाडीह में भाजपा गिरिडीह महानगर के जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री मिश्रा ने ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन को लेकर संगठन की प्रक्रिया उचित समय पर शुरू होगी. प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जायेगा.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया. उन्होंने पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा ने केंद्र स्तर पर 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' विषय को लेकर देशव्यापी अभियान शुरू किया है. इसके तहत जिला और विधानसभा स्तर पर सात तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इन कार्यक्रमों की तैयारी पार्टी स्तर पर की जा रही है. अभियान के माध्यम से पार्टी अपनी बात जनता तक पहुंचायेगी.
ये भी पढ़ें: पारसनाथ में बड़ा आयोजन: मरांग बुरु धर्मगढ़ महासम्मेलन की तैयारियां तेज, सीएम हेमंत सोरेन के शामिल होने की संभावना
जिला और विधानसभा स्तर पर कमेटियों का समायोजन
संगठन विस्तार पर उन्होंने कहा कि गिरिडीह में विधानसभा और जिला स्तर की संगठनात्मक कमेटियों का समायोजन किया जा रहा है. पार्टी का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन पूरा करना है. इसके लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और समर्थकों को एकजुट करने में लगे हैं.
अंगवस्त्र देकर किया स्वागत
इससे पहले जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने गणेश मिश्रा सहित उपस्थित पार्टी नेताओं का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया. मौके पर प्रशिक्षण संयोजक मनोज दुबे, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, मध्य भाग मंडल अध्यक्ष खिरोधर दास, मनीलाल साव, गंगाधर दास, अर्जुन मोहली, राजेंद्र दास और राहुल सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए