पलामू में सैनिक स्कूल और सैनिक बोर्ड के गठन की मांग, पूर्व सैनिकों ने डॉ वीके पाण्डेय से की मुलाकात
वीके पांडेय से मिलते सैन्य परिवार के लोग | Prabhat Khabar Network
गढ़वा में सैन्यपरिवार कल्याण फाउंडेशन ने पूर्व सैनिकों के कल्याण, सम्मान और पलामू के विकास के मुद्दों पर डॉ. वीके पाण्डेय से भेंट की. समाधान का आश्वासन मिला.
गढ़वा. रम्यभूमि ट्रिबल सैन्यपरिवार कल्याण फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने पूर्व एनटीपीसी और जेबीवीएनएल चेयरमैन डॉ वीके पाण्डेय से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान पूर्व सैनिकों की समस्याओं, उनके अधिकारों और सम्मान के साथ पलामू प्रमंडल के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. डॉ पाण्डेय ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
डॉ पाण्डेय पलामू जिले के रेहला स्थित गोदरमा कला गांव के निवासी हैं. उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सीमाओं पर अपनी जान की परवाह किये बिना सुरक्षा में तैनात रहते हैं. उनके कारण ही देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं. ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व सैनिकों को उचित सम्मान, अधिकार और सुविधाएं दिलाना समाज की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को अपने अधिकारों के लिए और अधिक संगठित होने की जरूरत है, क्योंकि एकता में ही शक्ति है.
सैनिक स्कूल और सैनिक बोर्ड के गठन की मांग
मुलाकात के दौरान पूर्व सैनिकों ने पलामू प्रमंडल में उनकी समस्याओं की शासन-प्रशासन की ओर से कथित उपेक्षा का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए कल्याण, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं का अभाव है. इस पर डॉ पाण्डेय ने चिंता जतायी और मांगों को केंद्र स्तर तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया.
प्रतिनिधिमंडल ने पलामू प्रमंडल में सैनिक स्कूल की स्थापना, सैनिक बोर्ड का गठन, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रोजगार के अवसर विकसित करने की मांग रखी. इसके अलावा सैन्य प्रशिक्षण केंद्र और रक्षा भर्ती केंद्र खोलने का प्रस्ताव भी दिया गया. डॉ पाण्डेय ने इन मांगों को महत्वपूर्ण बताते हुए इनके लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही.
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने किया सम्मानित
शिष्टाचार भेंट के दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने डॉ वीके पाण्डेय को पुष्पगुच्छ, शॉल और संगठन का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी, संरक्षक रामजी तिवारी, मुख्य सचिव विकास तिवारी, कोषाध्यक्ष नवल किशोर पाण्डेय, उपकोषाध्यक्ष सह कानूनी सलाहकार बहादुर प्रसाद गुप्ता, अनुशासन प्रभारी श्याम बिहारी तिवारी, गढ़वा जिलाध्यक्ष अशोक तिवारी, पलामू प्रखंड अध्यक्ष पंकज तिवारी, गढ़वा प्रखंड अध्यक्ष राम कुमार दुबे और पूर्व सैनिक सदस्य मुरारी मिश्रा उपस्थित थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
