BIT Mesra में मां करती थी झाड़ू-पोछा, बेटी ने उसी संस्थान से हासिल की इंजीनियरिंग में PhD की डिग्री
रानू देवी और उनकी मां | प्रभात खबर
मां रानू देवी ने BIT मेसरा में 26 साल झाड़ू-पोछा किया, बेटी आरती ने उसी संस्थान से इंजीनियरिंग में PhD की. यह मेहनत और सपनों की जीत है.
रांची. मां के हाथों में झाड़ू-पोछा था, लेकिन आंखों में बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना. आर्थिक तंगी और पति के निधन के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी के बावजूद रानू देवी ने हार नहीं मानी. बीआईटी मेसरा में पिछले 26 वर्षों से सफाई का काम कर उन्होंने परिवार का भरण-पोषण किया और बच्चों की पढ़ाई जारी रखी. अब उनकी बेटी आरती कुमारी ने उसी संस्थान से इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री हासिल कर मां के संघर्ष को एक बड़ी उपलब्धि में बदल दिया है.
सप्ताह के 400 रुपये से 15 हजार रुपये तक पहुंचा वेतन
रानू देवी ने जब बीआईटी मेसरा में काम शुरू किया था, तब उन्हें सप्ताह में 400 रुपये मिलते थे. वर्तमान में उनका वेतन 15 हजार रुपये प्रतिमाह है. पति के निधन के बाद तीन बच्चों की परवरिश और उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी अकेले निभाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था. सीमित आमदनी के बावजूद उन्होंने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दी.
छात्रवृत्ति की मदद से पूरी की उच्च शिक्षा
रांची के तुरुप गांव की रहने वाली आरती कुमारी तीन भाई-बहनों में मझली हैं. आर्थिक कठिनाइयों के बीच उनकी उच्च शिक्षा में बीआईटी मेसरा और सरकार की ओर से मिली छात्रवृत्ति ने मदद की.
आरती ने आरटीसी से बीटेक और बीआईटी मेसरा से एमटेक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद शोध कार्य करते हुए उन्होंने इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री हासिल की.
तुरुप गांव की पहली महिला बनीं इंजीनियरिंग में पीएचडी धारक
आरती अपने गांव तुरुप की पहली महिला हैं, जिन्होंने इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री हासिल की है. बीआईटी मेसरा के दीक्षांत समारोह में मिली यह उपलब्धि उनकी मेहनत और लगन के साथ मां रानू देवी के वर्षों के संघर्ष की कहानी भी बयां करती है.
जिस संस्थान में रानू देवी ने 26 वर्षों तक काम कर अपने परिवार को संभाला, उसी संस्थान से बेटी ने इंजीनियरिंग में पीएचडी हासिल की. आरती की सफलता दिखाती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा और निरंतर मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
