राजसिमरिया में चोरों ने 34 पोलों के तार उड़ाये, विभाग की नींद दो महीने बाद भी नहीं खुली: डीजल फूंककर खेत सींच रहे किसान!
राजसिमरिया के खेतों में बिना तार बिजली पोल, ग्रामीण एवं सांसद प्रतिनिधि जयप्रकाश मंडल | Prabhat Khabar Network
शंकरपुर-डूमरिया के किसान कृषि बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान हैं. 34 बिजली पोलों से तार चोरी के दो महीने बाद भी बिजली बहाल न होने से रबी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है. किसान डीजल पंप से खेत सींचने को मजबूर हैं.
प्रतिनिधि, बासुकिनाथ: जरमुंडी प्रखंड की राजासिमरिया पंचायत अंतर्गत शंकरपुर और डूमरिया गांवों में कृषि बिजली आपूर्ति ठप होने से किसान परेशान हैं. अज्ञात चोरों ने करीब दो महीने पहले कृषि फीडर के 34 बिजली पोलों से तार चोरी कर लिये थे. इसके बाद से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है. इसका सीधा असर रबी फसलों की खेती और सिंचाई पर पड़ रहा है. इसे लेकर ग्रामीण किसानों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जतायी है.
दो महीने बाद भी नहीं बदले गये चोरी हुए तार
किसानों को खेतों की सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्युत विभाग ने अलग से कृषि बिजली लाइन बिछायी थी. इसी लाइन से शंकरपुर, डूमरिया सहित आसपास के गांवों के किसान अपने खेतों में पटवन करते थे. लेकिन सुनसान इलाके का फायदा उठाकर चोरों ने 34 बिजली पोलों से तार चोरी कर लिये. किसानों ने स्थानीय बिजली मिस्त्री और विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना भी दी, लेकिन अब तक न तो तार बदले गये और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हुई.
डीजल पंप से पटवन करने को मजबूर किसान
कृषि बिजली आपूर्ति बंद होने से आलू, मटर, बैंगन, मूली, धनिया, टमाटर, पालक, गाजर, गेहूं, सरसों और चना जैसी रबी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है. मजबूरी में किसानों को महंगे डीजल पंप से खेतों का पटवन करना पड़ रहा है. इससे खेती की लागत बढ़ रही है और किसानों की कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है.
विभाग की उदासीनता पर जयप्रकाश मंडल ने जताया आक्रोश
सांसद प्रतिनिधि जयप्रकाश मंडल ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बिजली तारों की चोरी हो रही है, लेकिन विभाग न तो चोरी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठा रहा है और न ही ऐसी घटनाओं पर ठोस कार्रवाई कर रहा है. अब तक प्राथमिकी दर्ज कराने और नये तार लगाने की दिशा में भी अपेक्षित पहल नहीं हुई है.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अविलंब 34 पोलों पर नये तार लगाकर कृषि बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गयी, तो किसानों के हित में आंदोलन किया जायेगा. किसानों ने विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों से तत्काल नये तार लगवाने और चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. मौके पर श्याम अरहक सहित दर्जनों महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए


