युवती का आरोप: शादी का झांसा देकर यौन शोषण, न्याय के लिए दो थानों के चक्कर काटने को मजबूर पीड़िता
थानों के चक्कर लगाती रही युवती. (AI Image)
शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप, 22 साल की युवती न्याय के लिए दो थानों के चक्कर लगाने को मजबूर. पुलिस कार्रवाई की मांग.
कतरास(धनबाद). शादी का झांसा देकर यौन शोषण और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाते हुए 22 वर्षीय युवती न्याय की गुहार लेकर पुलिस के पास पहुंची, लेकिन उसे दो थानों के बीच भटकना पड़ा. अंगारपथरा ओपी क्षेत्र की रहनेवाली युवती ने श्यामडीह निवासी धनंजय कुमार वर्मा के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
प्रेम और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
युवती के अनुसार, कतरास स्थित एक जेवर दुकान में साथ काम करने के दौरान उसकी पहचान युवक से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. युवती का आरोप है कि युवक ने प्रेम और शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाये. बाद में युवक शादी करने से मुकर गया.
ये भी पढ़ें: इंटरनेशनल रिसर्च फेलोशिप: जापान में पर्यावरण अनुकूल मैटेरियल्स पर रिसर्च करेंगी IIT ISM की मुस्कान
आरोप है कि 11 नवंबर को युवक ने शादी से इनकार करते हुए उसके पिता पर 15 लाख रुपये मांगने की बात कही. युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि युवक ने उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी.
कतरास और अंगारपथरा ओपी के बीच भटकती रही युवती
शिकायत लेकर युवती पहले कतरास थाना पहुंची. वहां से उसे अंगारपथरा ओपी भेज दिया गया. युवती के मुताबिक, अंगारपथरा ओपी पहुंचने पर उसे दोबारा कतरास थाना जाने को कहा गया. इस तरह वह शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई की उम्मीद में दोनों थानों के चक्कर लगाती रही.
ये भी पढ़ें: 2.98 करोड़ की लागत से चमकेगा धनबाद सदर अस्पताल, जल्द मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
फिलहाल युवती ने लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. पुलिस की ओर से शिकायत पर की गयी कार्रवाई और आरोपी का पक्ष उपलब्ध नहीं कराया गया है. मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए